बिलासपुर…जिले के रतनपुर और कोटा थाना क्षेत्रों में पुलिस ने अलग-अलग मामलों में कार्रवाई करते हुए अवैध महुआ शराब के साथ एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया, वहीं क्रेशर उद्योग में चोरी के मामले में लंबे समय से फरार दो आरोपियों को भी पकड़ लिया। रतनपुर में पुलिस ने 20 लीटर कच्ची महुआ शराब जब्त की, जबकि कोटा में 50 हजार रुपये के सामान की चोरी के मामले में दोनों आरोपियों की गिरफ्तारी हुई।

20 लीटर महुआ शराब के साथ एक गिरफ्तार

रतनपुर के गोसाईपारा में मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर पुलिस ने दबिश देकर दिलेश्वर बंजारे को पकड़ा। उसके कब्जे से 20 लीटर कच्ची महुआ शराब बरामद हुई, जिसकी कीमत चार हजार रुपये बताई गई है। पुलिस ने शराब जब्त कर आरोपी के खिलाफ आबकारी अधिनियम के तहत कार्रवाई की और उसे न्यायिक रिमांड पर भेज दिया।

यह कार्रवाई थाना प्रभारी निरीक्षक निलेश पाण्डेय के नेतृत्व में की गई। पुलिस के अनुसार, जिले में अवैध शराब और नशीले पदार्थों के कारोबार के खिलाफ कार्रवाई जारी है।

क्रेशर उद्योग से सामान चोरी, आरोपी गिरफ्तार

दूसरी कार्रवाई कोटा थाना क्षेत्र के बाकीघाट स्थित गोयल क्रेशर उद्योग में चोरी के मामले में हुई। पुलिस के मुताबिक, 10 अगस्त की रात अज्ञात आरोपियों ने क्रेशर परिसर से जैपलेट, रोलर, क्रेशर और जाली के शाफ्ट, जाली, टाइगर प्लेट, जाली कवरिंग, साइड प्लेट सहित अन्य सामान चोरी कर लिया था। चोरी गए सामान की कुल कीमत करीब 50 हजार रुपये बताई गई है।

इस मामले में क्रेशर उद्योग के संचालक की ओर से 11 अगस्त को शिकायत दर्ज कराई गई थी। पुलिस ने अपराध दर्ज कर जांच शुरू की और पहले तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया था। मामले में दो आरोपी संजू शिकारी और झोल्टू उर्फ राहुल शिकारी , दोनों निवासी कोटा, फरार थे।

पुलिस को 9 अक्टूबर को मुखबिर से मिली सूचना के बाद कार्रवाई कर दोनों को गिरफ्तार किया गया। पुलिस के अनुसार, अब उन्हें न्यायिक रिमांड पर भेजने की प्रक्रिया की जाएगी।

दोनों मामलों में संबंधित थाना प्रभारियों के नेतृत्व में पुलिस टीमों ने कार्रवाई की।