बिलासपुर…. राज्य स्तरीय शालेय खेलों के सबसे बड़े खिताब के लिए मुकाबला आखिरी अंकों तक रोमांचक बना रहा। बिलासपुर संभाग ने 57 अंक हासिल कर ओवरऑल चैंपियनशिप अपने नाम की, जबकि रायपुर संभाग 56 अंकों के साथ दूसरे स्थान पर रहा। महज एक अंक के इस अंतर ने प्रतियोगिता के नतीजे को खास बना दिया। स्व. बी.आर. यादव राज्य प्रशिक्षण केंद्र, बहतराई में आयोजित 26वीं राज्य स्तरीय शालेय क्रीड़ा प्रतियोगिता 2026-27 का समापन केंद्रीय आवासन एवं शहरी विकास राज्य मंत्री तोखन साहू के मुख्य आतिथ्य में हुआ।

खिलाड़ियों का उत्साह बढ़ाते हुए केंद्रीय राज्य मंत्री तोखन साहू ने कहा, जो खेलता है, वह खिलता है। खेल के मैदान में कोई हारता नहीं, खिलाड़ी या तो जीतता है या कुछ नया सीखता है।” उन्होंने कहा कि खेल अब केवल मनोरंजन या शारीरिक गतिविधि तक सीमित नहीं हैं, बल्कि सफलता और भविष्य निर्माण का महत्वपूर्ण माध्यम बन चुके हैं। खेलों से अनुशासन, आत्मविश्वास, धैर्य और संघर्ष की भावना विकसित होती है।

साहू ने कहा कि पढ़ाई और खेल को एक-दूसरे का पूरक बनाकर चलना चाहिए। विद्यार्थियों को पढ़ाई इस तरह करनी चाहिए कि वह खेल जैसी रोचक लगे और खेल को इस तरह अपनाना चाहिए कि उससे भी सीखने की प्रवृत्ति विकसित हो। श्रीमद्भगवद्गीता के कर्मयोग का उल्लेख करते हुए उन्होंने निरंतर प्रयास, परिश्रम और समर्पण को सफलता का आधार बताया। उन्होंने कहा कि बच्चों के सर्वांगीण विकास में शारीरिक स्वास्थ्य की अहम भूमिका है। प्रतियोगिता में शामिल खिलाड़ियों और विशेषकर बेटियों के प्रदर्शन की सराहना करते हुए उन्होंने आयोजन से जुड़े अधिकारियों, शिक्षकों और प्रशिक्षकों को बधाई दी।

हॉकी में दुर्ग, कबड्डी में बिलासपुर,तीरंदाजी में बस्तर

पांचों संभागों के खिलाड़ियों के बीच हुई प्रतियोगिताओं में बिलासपुर 57 अंकों के साथ शीर्ष पर रहा। रायपुर को 56, बस्तर को 39, दुर्ग को 31 और सरगुजा को आठ अंक मिले। हॉकी के 19 वर्ष आयु वर्ग में बालक और बालिका, दोनों वर्गों में दुर्ग संभाग ने पहला स्थान हासिल किया। कबड्डी के 19 वर्ष बालक वर्ग में बिलासपुर संभाग विजेता बना, जबकि तीरंदाजी में बस्तर संभाग के खिलाड़ियों ने अपनी प्रतिभा दिखाई।

बिल्हा विधायक धरमलाल कौशिक ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की खेलो इंडिया पहल से देश की खेल प्रतिभाओं को आगे बढ़ने के अवसर मिल रहे हैं। छोटे शहरों और ग्रामीण क्षेत्रों के खिलाड़ी भी राष्ट्रीय तथा अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अपनी पहचान बना रहे हैं। उन्होंने राज्य में खेल सुविधाओं के विस्तार का उल्लेख करते हुए खिलाड़ियों से निरंतर अभ्यास, अनुशासन और दृढ़ संकल्प के साथ आगे बढ़ने का आह्वान किया।

समापन समारोह में नगर निगम आयुक्त प्रकाश कुमार सर्वे, अतिरिक्त कलेक्टर शिवकुमार बनर्जी, जिला शिक्षा अधिकारी संदीप पाण्डेय, जिला मिशन समन्वयक ओमप्रकाश पाण्डेय, सहायक संचालक वर्षा शर्मा, बसंत प्रताप सिंह, जी.डी. गर्ग, एडीपीओ आनंद पाण्डेय, जिला खेल अधिकारी डॉ. सुरेश शुक्ला सहित शिक्षा विभाग के अधिकारी, खेल प्रशिक्षक, निर्णायक, शिक्षक और पांचों संभागों के खिलाड़ी मौजूद रहे। कार्यक्रम का संचालन सुशील मिश्रा और भारती दुबे ने किया।