रायपुर..दूसरे राज्य में बिक्री के लिए निर्धारित शराब के परिवहन के मामले में रायपुर आबकारी विभाग ने कार्रवाई करते हुए झारखंड की देशी मदिरा जब्त की है। नरदहा-चंद्रखुरी मार्ग पर जांच के दौरान 30 बल्क लीटर शराब के साथ बोकारो निवासी राजेश प्रसाद सिंह  को गिरफ्तार किया गया। मदिरा के परिवहन में इस्तेमाल की जा रही मोटरसाइकिल भी जब्त की गई है।

आबकारी विभाग के अनुसार, जब्त मदिरा में 21 अद्धी और 120 पाव देशी शराब शामिल है। इसकी अनुमानित कीमत 6,765 रुपये है, जबकि मोटरसाइकिल का मूल्य 45 हजार रुपये आंका गया है। जब्त शराब और वाहन की कुल अनुमानित कीमत 51,765 रुपये बताई गई है। शराब पर ‘फॉर सेल इन झारखंड’ अंकित होने के कारण उसके दूसरे राज्य में बिक्री के लिए निर्धारित होने की पुष्टि हुई है।

मामले में आबकारी अधिनियम की धारा 34(1)(क), 34(2), 36 और 59(क) के तहत प्रकरण दर्ज किया गया है। विभाग की ओर से शराब के परिवहन से जुड़े मामले में आगे की जांच की जा रही है।

कलेक्टर गौरव सिंह के निर्देशन और आबकारी उपायुक्त प्रवीण वर्मा के मार्गदर्शन में हुई इस कार्रवाई का नेतृत्व सहायक जिला आबकारी अधिकारी आशीष सिंह ने किया। टीम में उपनिरीक्षक विक्रम ठाकुर और अरविंद साहू, मुख्य आरक्षक संतोष गुप्ता, आरक्षक विवेक श्रीवास्तव, सुरेश सूर्यवंशी और इंदु भास्कर शामिल रहे। वाहन चालक अविनाश थुल ने भी कार्रवाई में सहयोग दिया।