रतनपुर…पप्पू निर्मलकर के मकान में संदिग्ध परिस्थितियों में लोगों के एकत्र होने की सूचना पर रतनपुर पुलिस ने दबिश दी। मौके पर छह व्यक्ति मिले, जिनमें से एक पुलिस को देखकर फरार हो गया। शेष पांच के खिलाफ भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता की धारा 170 के तहत प्रतिबंधात्मक कार्रवाई कर उन्हें जेल भेज दिया गया।

पुलिस के मुताबिक, मकान में कुछ लोगों के जुटने और आपत्तिजनक गतिविधियों में संलिप्त होने की सूचना मिली थी। इसके बाद थाना प्रभारी निरीक्षक निलेश पाण्डेय के नेतृत्व में पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर कार्रवाई की। वहां राकेश लोनिया, रवि कुमार प्रजापति, प्रतीक सिंह ठाकुर, अर्जुन कुम्हार, राजकुमार प्रजापति और अजय दुबे मौजूद मिले। पुलिस की कार्रवाई के दौरान अजय दुबे फरार हो गया, जबकि बाकी पांच को हिरासत में लेकर प्रतिबंधात्मक कार्रवाई की गई।

कार्रवाई की जद में आए आरोपियों का  नाम रतनपुर के गांधीनगर निवासी राकेश लोनिया, महामायापारा निवासी रवि कुमार प्रजापति और भेड़ीमुड़ा निवासी प्रतीक सिंह ठाकुर शामिल हैं। इनके अलावा कोरबा जिले के पाली थाना क्षेत्र के चैतमा निवासी अर्जुन कुम्हार और हरदीबाजार निवासी राजकुमार प्रजापति के खिलाफ भी कार्रवाई की गई।

पुलिस का कहना है कि क्षेत्र में संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखी जा रही है और कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए कार्रवाई जारी रहेगी। हालांकि, पुलिस विज्ञप्ति में कथित आपत्तिजनक गतिविधियों की प्रकृति स्पष्ट नहीं की गई है।