रामानुजगंज..(पृथ्वीलाल केशरी)…अपनी समस्या लेकर मंत्री तक पहुंचने की कोशिश कर रहे गम्हरिया के ग्रामीणों को रास्ते में ही मुलाकात का अवसर मिल गया। क्षेत्रीय विधायक एवं कैबिनेट मंत्री रामविचार नेताम को जब पता चला कि ग्रामीण उनसे मिलने आ रहे हैं, लेकिन समय पर नहीं पहुंच पाए हैं, तो उन्होंने चिनियाँ खेल मैदान के पास अपना काफिला रुकवा दिया। ग्रामीणों ने टुकु नाला पर पुलिया निर्माण की मांग रखी। मंत्री ने उनकी बात सुनकर आवश्यक पहल और जल्द कार्रवाई के प्रयास का भरोसा दिया। अब सवाल यह है कि बरसात में ग्रामीणों और विद्यार्थियों के लिए परेशानी का कारण बनी इस समस्या का समाधान कब तक होगा।

मंत्री अपने निवास से रामानुजगंज में पहले से निर्धारित कार्यक्रम में शामिल होने जा रहे थे। इसी दौरान उन्हें गम्हरिया के ग्रामीणों और जनप्रतिनिधियों के उनसे मिलने आने की जानकारी मिली। समय की कमी के बीच उन्होंने रास्ते में ही रुककर उनकी बात सुनी। ग्रामीणों ने टुकु नाला पर पुलिया नहीं होने से होने वाली परेशानियों से उन्हें अवगत कराया।

ग्रामीणों के मुताबिक, टुकु नाला से होकर गुजरने वाला रास्ता ग्राम पंचायत गम्हरिया को मुख्य सड़क से जोड़ता है। इस मार्ग से रोजाना ग्रामीणों के साथ विद्यार्थी भी आते-जाते हैं। बरसात के दौरान नाला पार करना मुश्किल हो जाता है और विद्यार्थियों को जोखिम उठाकर स्कूल पहुंचना पड़ता है। ग्रामीणों का कहना है कि पुलिया का निर्माण इस समस्या का स्थायी समाधान हो सकता है।

अब भरोसे से आगे बढ़कर चाहिए निर्माण

ग्रामीणों ने अपनी समस्या मंत्री के सामने रख दी है और मंत्री ने भी आवश्यक पहल का आश्वासन दिया है। लेकिन किसी भी जनसमस्या का वास्तविक समाधान आश्वासन से नहीं, बल्कि धरातल पर काम शुरू होने से होता है। ऐसे में अब संबंधित विभाग और प्रशासन की जिम्मेदारी होगी कि मांग की जरूरत का आकलन कर निर्माण की दिशा में ठोस कदम उठाएं।

मंत्री का काफिला रुकवाकर ग्रामीणों की बात सुनना उनकी समस्या के प्रति तत्परता को दर्शाता है। वजूद इसके, गम्हरिया के लोगों की परेशानी तभी दूर होगी, जब टुकु नाला पर पुलिया निर्माण की मांग पर ठोस कार्रवाई होगी। ग्रामीणों की निगाहें अब इस बात पर टिकी हैं कि उन्हें इस बरसात की परेशानी से आगे कब राहत मिलती है।

इस दौरान जनपद सदस्य अशर्फी यादव, सरपंच सुषमा सिंह, अल्पसंख्यक मोर्चा के जिला महामंत्री इरफान अंसारी, उपसरपंच जयमंगल सिंह, बूथ अध्यक्ष राजकिशोर सिंह, नरेश यादव, मंजूर आलम, कृष्णा यादव, रामलाल सिंह, देवनारायण सिंह, अरविंद यादव, सुरेश यादव, विचारन राम, रमेश सिंह, राजू राम सहित अन्य ग्रामीण मौजूद रहे।