रायपुर। पंचायत एवं ग्रामीण विकास विभाग ने बेरला, पथरिया और तखतपुर जनपद पंचायत के तीन सीईओ को निलंबित कर दिया है।

निलंबन आदेश के बाद जनपद पंचायत पथरिया मुंगेली के तत्कालीन सीईओ प्रदीप प्रधान का मुख्यालय जिला पंचायत सूरजपुर, जनपद पंचायत बेरला बेमेतरा की प्रभारी सीईओ दीप्ति मंडावी का मुख्यालय अपर विकास आयुक्त कार्यालय नवा रायपुर और जनपद पंचायत तखतपुर बिलासपुर के सीईओ सत्यव्रत तिवारी का मुख्यालय आयुक्त कार्यालय, बिलासपुर संभाग निर्धारित किया गया है।

निलंबन अवधि में तीनों को नियमानुसार जीवन निर्वाह भत्ता मिलेगा। अवर सचिव पंचायत एवं ग्रामीण विकास विभाग के अनुसार राज्य शासन ने विभागीय आदेशों की अवहेलना और छत्तीसगढ़ सिविल सेवा आचरण नियमों के उल्लंघन के आरोप में कार्रवाई करना बताया गया है।

मिली जानकारी मुताबिक दीप्ति मंडावी का 16 जून 2026 को जिला पंचायत बेमेतरा में सहायक परियोजना अधिकारी के पद पर ट्रांसफर किया गया था। उन्हें भी 10 दिन के भीतर ज्वाइन करना था। बेमेतरा जिला पंचायत ने उसी दिन उन्हें कार्यमुक्त कर दिया, लेकिन 30 सितंबर तक उन्होंने नई पदस्थापना पर कार्यभार ग्रहण नहीं किया।

जनपद पंचायत तखतपुर बिलासपुर के सीईओ सत्यव्रत तिवारी को अधीनस्थ अधिकारी को ट्रांसफर के बाद कार्यमुक्त नहीं करने पर निलंबित किया गया है। विकास विस्तार अधिकारी गोपी सिंह क्षत्रीय का 29 सितंबर 2025 को तखतपुर से जनपद पंचायत लोरमी, मुंगेली में तबादला किया गया था। आदेश में 10 दिन के भीतर उन्हें कार्यमुक्त करने के निर्देश थे।

प्रदीप प्रधान का 20 फरवरी 2026 को जिला पंचायत सूरजपुर में प्रभारी सहायक परियोजना अधिकारी के पद पर ट्रांसफर किया गया था। उन्हें 10 दिन के भीतर नई पदस्थापना पर ज्वाइन करना था।

मुंगेली जिला पंचायत ने 27 फरवरी को ही उन्हें कार्यमुक्त कर दिया था, लेकिन 30 सितंबर तक उन्होंने नई पदस्थापना पर कार्यभार ग्रहण नहीं किया।