बिलासपुर… गांवों में विकास कार्य केवल निर्माण पूरा करने तक सीमित न रहें, बल्कि उनका इस्तेमाल भी ग्रामीणों के लिए सुविधाजनक हो। इसी उद्देश्य से जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी संदीप अग्रवाल ने कोटा जनपद पंचायत की तीन ग्राम पंचायतों में चल रहे निर्माण कार्यों का निरीक्षण किया। इस दौरान प्रार्थना शेड की ऊंचाई बढ़ाने और उचित मूल्य की दुकान का फर्श ऊंचा करने के निर्देश दिए गए, ताकि बारिश में पानी भरने जैसी समस्या से बचा जा सके। उन्होंने निर्माण कार्यों की गुणवत्ता पर ध्यान देने और निर्धारित समय-सीमा में काम पूरा करने को कहा।

अग्रवाल ने नवागांव सलका, कुआड़ीमोड़ा और गोबरीपाट ग्राम पंचायतों में जिला खनिज न्यास निधि, सांसद निधि और वीबी-जी राम जी योजना सहित विभिन्न मदों से बन रहे सामुदायिक भवन, प्रार्थना शेड, उचित मूल्य की दुकान, बाउंड्रीवॉल, बालिका शौचालय और आंगनबाड़ी भवन का जायजा लिया। उन्होंने संबंधित अधिकारियों से निर्माण की प्रगति की जानकारी ली और जहां सुधार की जरूरत नजर आई, वहां आवश्यक निर्देश दिए।

 परेशानी न हो, बदलाव के निर्देश

निरीक्षण के दौरान प्रार्थना शेड की ऊंचाई बढ़ाने और उचित मूल्य की दुकान के फर्श का स्तर ऊंचा करने के लिए संबंधित उप अभियंता को निर्देशित किया गया। इन बदलावों का उद्देश्य बारिश के दौरान पानी भरने की समस्या से बचाव और ग्रामीणों को बेहतर सुविधा उपलब्ध कराना है। निर्देशों के बाद इन कार्यों में सुधार किस तरह और कितनी जल्दी होता है, यह आगे की कार्यवाही से स्पष्ट होगा।

 सफाई पर जोर, गैरहाजिरी पर नोटिस

आंगनबाड़ी केंद्र में साफ-सफाई और व्यवस्थित संचालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। सीईओ ने बच्चों के लिए स्वच्छ और अनुकूल वातावरण बनाए रखने पर जोर दिया। निरीक्षण के दौरान एक ग्राम पंचायत सचिव अनुपस्थित मिला। इस पर संबंधित सचिव को कारण बताओ नोटिस जारी करने के निर्देश दिए गए।

निरीक्षण के दौरान जनपद पंचायत कोटा के सीईओ युवराज, ग्रामीण यांत्रिकी सेवा के अनुविभागीय अधिकारी, जिला कार्यक्रम अधिकारी वीबी-जी राम जी योजना, संबंधित ग्राम पंचायतों के सरपंच-सचिव और ग्रामीण मौजूद रहे।