बिलासपुर…डीजे लादने के लिए वाहनों में मनमाने तरीके से लगाए जा रहे लोहे के अतिरिक्त एंगल अब सड़क पर भारी पड़ेंगे। सड़क सुरक्षा से खिलवाड़ और दुर्घटना की आशंका को देखते हुए बिलासपुर पुलिस ने ऑपरेशन प्रहार के तहत बिल्हा और हिर्री थाना क्षेत्र में कार्रवाई करते हुए अतिरिक्त एंगल लगे चार माजदा वाहन जब्त किए हैं। पुलिस ने संबंधित वाहन चालकों के खिलाफ मोटर व्हीकल एक्ट की धाराओं में इस्तगासा तैयार कर वाहनों को धारा 207 के तहत जब्त किया है।

बिल्हा पुलिस ने 26 सितंबर को रामसत्ता चौक और बिल्हा मेन रोड स्थित शनिचरी बाजार में कार्रवाई की। यहां शिवलाल यादव के माजदा सीजी 04 क्यूसी 9445 और दीपक मनहर के माजदा सीजी 10 आर 0105 में डीजे लोड करने के लिए वाहन के दाएं, बाएं और ऊपर लोहे के अतिरिक्त एंगल लगाए गए थे। पुलिस के मुताबिक इस तरह का ढांचा वाहन की सामान्य बनावट से बाहर निकलकर सड़क पर दुर्घटना की आशंका बढ़ाता है।

इसी तरह हिर्री पुलिस ने 24 और 25 सितंबर को भोजपुरी टोल प्लाजा के पास कार्रवाई करते हुए उत्तम यादव के माजदा आयसर सीजी 07 सीयू 9646 और अशोक यादव के माजदा आयसर सीजी 22 एबी 7725 को पकड़ा। दोनों वाहनों में भी डीजे लोड करने के लिए दाएं, बाएं और ऊपर लोहे के अतिरिक्त एंगल लगाए गए थे।

चारों मामलों में पुलिस ने मौके पर पंचनामा तैयार किया और मोटर व्हीकल एक्ट की धारा 130(3)/177 तथा 194(1)(ए) के तहत कार्रवाई की। इसके बाद चारों वाहनों को धारा 207 के तहत जब्त कर लिया गया।

पुलिस कप्तान रजनेश सिंह ने सड़क सुरक्षा को लेकर स्पष्ट किया है कि वाहन में ऐसा कोई भी अतिरिक्त ढांचा लगाना स्वीकार नहीं किया जाएगा, जिससे सड़क पर दूसरे वाहन चालकों की सुरक्षा प्रभावित हो या दुर्घटना की आशंका बढ़े। उन्होंने जिले के सभी थाना और चौकी प्रभारियों को ऐसे वाहनों पर लगातार कार्रवाई के निर्देश दिए हैं।

पुलिस के मुताबिक कार्रवाई का उद्देश्य केवल वाहन जब्त करना नहीं, बल्कि वाहन चालकों को मोटर व्हीकल एक्ट का पालन कराने और सड़क पर सुरक्षित यातायात व्यवस्था सुनिश्चित करना है। डीजे या अन्य सामान परिवहन के नाम पर वाहनों की मूल संरचना में बदलाव कर सड़क पर चलने वालों के लिए खतरा पैदा करने वालों के खिलाफ आगे भी कार्रवाई जारी रहेगी ।

बिल्हा की कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक तोपसिंह नवरंग, प्रधान आरक्षक अनिल बंजारे, आरक्षक अर्जुन जांगड़े और संतोष मरकाम की भूमिका रही। वहीं हिर्री की कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक दामोदर प्रसाद मिश्रा, सहायक उपनिरीक्षक धारा सिंह मरावी, प्रधान आरक्षक शिवनारायण पाण्डेय, अशोक चन्द्राकर तथा आरक्षक सुनील सिंह और सूरज कुर्रे शामिल रहे।