CG dhan kharidi –रायपुर। छत्तीसगढ़ में चक्रवाती तूफानों और बेमौसम बारिश से फसलों को हुए नुकसान को लेकर कांग्रेस ने राज्य सरकार पर हमला बोला है।

शनिवार को राजधानी रायपुर स्थित राजीव भवन में आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष दीपक बैज ने आरोप लगाया कि पिछले 24 दिनों के भीतर प्रदेश में तीन तूफान आए हैं।

जिनसे किसानों की फसलों को भारी नुकसान पहुंचा है। उन्होंने दावा किया कि करीब 80 प्रतिशत किसान प्रभावित हुए हैं, लेकिन सरकार अब तक नुकसान का सर्वे नहीं करा पाई है।

दीपक बैज ने कहा कि प्रदेश के कई इलाकों में खेतों में खड़ी और काटकर रखी फसल बर्बाद हुई है। धान खरीदी केंद्रों में भी बारिश के कारण धान भीग रहा है।

बस्तर में बाढ़ जैसे हालात बने थे और लाखों हेक्टेयर में फसल खराब होने की स्थिति है। इसके बावजूद किसानों को राहत देने के लिए सरकार की ओर से प्रभावी कदम नहीं उठाए गए हैं।

प्रेस कॉन्फ्रेंस में संगठन महामंत्री मलकीत सिंह और पूर्व मंत्री धनेंद्र साहू भी मौजूद रहे। बैज ने मांग की कि प्राकृतिक आपदा से प्रभावित किसानों का कर्ज माफ किया जाए और फसल नुकसान के अनुरूप उचित मुआवजा दिया जाए।

दीपक बैज ने कहा कि सरकार तीन चक्रवातों से हुए नुकसान का आकलन तक नहीं कर पाई है।

पटवारियों की हड़ताल के चलते फसल नुकसान का सर्वे प्रभावित होने की आशंका है। उन्होंने सवाल उठाया कि जब पटवारी हड़ताल पर हैं, तो किसानों की फसलों को हुए नुकसान का सर्वे कौन करेगा?

बैज ने तंज कसते हुए कहा कि सरकार जमीन पर सर्वे कराने के बजाय मुंह से ही सर्वे करने का काम कर रही है। उनके मुताबिक, किसानों को उचित मुआवजा नहीं मिल पा रहा है और वे लगातार आर्थिक नुकसान झेल रहे हैं।

उन्होंने कहा कि किसानों ने कर्ज लेकर खेती की थी, लेकिन प्राकृतिक आपदा ने उनकी मेहनत और लागत दोनों पर संकट खड़ा कर दिया है। कांग्रेस किसानों की मांगों के साथ खड़ी है।

कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष ने धान खरीदी व्यवस्था पर भी सवाल उठाए। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार की मंशा किसानों से धान खरीदने की नहीं है। बैज ने कहा कि किसान पहले से ही प्राकृतिक आपदा की मार झेल रहे हैं।

ऐसे में धान खरीदी केंद्रों पर बारिश के कारण धान भीगना उनकी परेशानी और बढ़ा रहा है। सरकार को तत्काल खरीदी केंद्रों की व्यवस्था सुधारनी चाहिए, ताकि किसानों की उपज सुरक्षित रह सके।

प्रेस कॉन्फ्रेंस में दीपक बैज ने छत्तीसगढ़ की अस्मिता, संस्कृति और यहां के निवासियों के अपमान से जुड़े मामले में कार्रवाई नहीं होने पर भी सरकार को घेरा।

उन्होंने कहा कि किसी भी व्यक्ति को छत्तीसगढ़ की बोली, भाषा, संस्कृति और आस्था को ठेस पहुंचाने वाले अपशब्दों का इस्तेमाल नहीं करना चाहिए। प्रदेश की एकता और अखंडता बनाए रखना सभी की जिम्मेदारी है।

बैज ने दावा किया कि इस मामले में एक दर्जन से अधिक थानों में शिकायतें दर्ज कराई गई हैं, लेकिन अब तक कोई कार्रवाई नहीं हुई है।

उन्होंने सवाल उठाया कि कार्रवाई करने की जिम्मेदारी सरकार की है, फिर सरकार चुप क्यों है? उन्होंने सरकार पर निशाना साधते हुए कहा, ‘क्या सरकार चूड़ी पहनकर बैठ गई है?’

दरअसल, मधुबाला गिरी का एक वीडियो सामने आने के बाद यह विवाद चर्चा में है। वीडियो में छत्तीसगढ़ के अस्तित्व को लेकर सवाल उठाने और कथित तौर पर अपमानजनक भाषा का इस्तेमाल किए जाने का आरोप है। इसमें चप्पल से मारने जैसी टिप्पणी किए जाने की बात भी सामने आई है। इस मामले को लेकर प्रदेश में विरोध और शिकायतों का दौर जारी है।

दीपक बैज ने सरकार से इस मामले में तत्काल कार्रवाई की मांग करते हुए कहा कि छत्तीसगढ़ की अस्मिता, संस्कृति और यहां के लोगों के सम्मान से जुड़े मामलों को गंभीरता से लिया जाना चाहिए।