बिलासपुर…क्रिकेट के मैदान में चौके-छक्कों पर लगने वाले दांव का खेल कितना बड़ा आर्थिक साम्राज्य खड़ा कर सकता है, इसका खुलासा बिलासपुर पुलिस की जांच में हुआ है। ऑनलाइन क्रिकेट सट्टे से शुरू हुई जांच अब हवाला, करोड़ों के बैंकिंग लेन-देन और देश-विदेश में अर्जित संपत्तियों तक पहुंच गई है। पुलिस के मुताबिक, इस नेटवर्क की जड़ें सिर्फ छत्तीसगढ़ तक सीमित नहीं थीं, बल्कि देश के अलग-अलग राज्यों से लेकर दुबई तक संपत्ति अर्जित करने की जानकारी सामने आई है। तलाशी में करीब 8 लाख रुपये नकद, सोने के आभूषण, महंगी घड़ियां और बैंकिंग व संपत्ति से जुड़े महत्वपूर्ण दस्तावेज मिले हैं। खास बात यह है कि करीब 25 करोड़ रुपये मूल्य की अचल संपत्तियों से संबंधित दस्तावेज भी पुलिस के हाथ लगे हैं।

मामले का खुलासा करते हुए पुलिस कप्तान रजनेश सिंह ने पत्रकार वार्ता में बताया कि थाना सिटी कोतवाली में दर्ज प्रकरण की विवेचना के दौरान ऑनलाइन क्रिकेट सट्टा, हवाला नेटवर्क और अवैध तरीके से अर्जित संपत्तियों के बीच कनेक्शन सामने आया। जांच में देश के विभिन्न राज्यों से सट्टे की रकम के लेन-देन और हवाला के जरिए धन हस्तांतरण के तथ्य मिले हैं। पुलिस अब केवल सट्टे के संचालन तक जांच सीमित नहीं रख रही, बल्कि इस पूरे आर्थिक नेटवर्क के वास्तविक संचालकों, लाभार्थियों और धन के स्रोत का पता लगाने में जुटी है।

25 करोड़ की संपत्तियों का हिसाब, दुबई तक जांच

13 नवंबर 2026 को की गई तलाशी इस पूरे मामले में अहम कड़ी साबित हुई। पुलिस को करीब 8 लाख रुपये नकद के अलावा सोने के आभूषण, महंगी घड़ियां, बैंक संबंधी दस्तावेज और महत्वपूर्ण संपत्ति दस्तावेज मिले। तलाशी के दौरान करीब 25 करोड़ रुपये मूल्य की अचल संपत्तियों से संबंधित कागजात भी बरामद हुए। जांच में विदेश, विशेषकर दुबई में संपत्तियां अर्जित किए जाने की जानकारी सामने आई है। इससे पुलिस को आशंका है कि सट्टे और हवाला से अर्जित धन को अलग-अलग माध्यमों से संपत्तियों में निवेश किया गया। अब इन संपत्तियों के वास्तविक स्वामित्व, खरीद के स्रोत और उनमें लगी रकम की जांच की जा रही है।

 LOC के बाद रेड कॉर्नर नोटिस

पुलिस ने संबंधित आरोपियों के खिलाफ लुकआउट सर्कुलर यानी LOC जारी किया है। वहीं रेड कॉर्नर नोटिस जारी कराने की प्रक्रिया भी शुरू की गई है। इसका उद्देश्य विदेश में मौजूद संदिग्ध आरोपियों की पहचान और उनके विरुद्ध अंतरराष्ट्रीय स्तर पर कार्रवाई का रास्ता तैयार करना है। पुलिस बैंक खातों के लेन-देन, हवाला नेटवर्क, संपत्तियों के वास्तविक स्रोत और उनसे लाभ उठाने वालों की कड़ियां जोड़ रही है।

सट्टे के कारोबार..अब संपत्तियों पर नजर

पुलिस की कार्रवाई का अगला महत्वपूर्ण चरण अपराध से अर्जित संपत्तियों की पहचान और उन्हें कानूनी दायरे में लाना है। पुलिस के अनुसार, भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता की धारा 107 के तहत संपत्तियों की कुर्की की वैधानिक कार्रवाई भी की जाएगी। यानी कार्रवाई केवल सट्टा संचालित करने वालों तक सीमित नहीं रहेगी, बल्कि अवैध कमाई से तैयार किए गए कथित आर्थिक साम्राज्य पर भी चोट करने की तैयारी है।

ये नाम आए सामने

पुलिस कप्तान रजनेश सिंह ने बताया कि सट्टा कारोबार जांच के दौरान सुनील रोहरा पिता दिलीप कुमार रोहरा, मनीष रोहरा पिता दिलीप रोहरा और संदेही आकाश गोगा निवासी जबलपुर के नाम सामने आए हैं। जांच में इनकी भूमिका और आपसी संबंधों की पड़ताल की जा रही है।

ऑनलाइन क्रिकेट सट्टे के इस मामले में अब सबसे बड़ा सवाल यही है कि करोड़ों रुपये का यह आर्थिक नेटवर्क किन-किन लोगों के सहारे संचालित हो रहा था और सट्टे से अर्जित रकम किन रास्तों से देश-विदेश की संपत्तियों तक पहुंची। पुलिस की आगे की जांच से इस नेटवर्क से जुड़े दूसरे नामों और संपत्तियों का भी खुलासा होने की उम्मीद है।