बिलासपुर… शराब पीने के लिए पैसे मांगे, युवक ने देने से मना किया तो गाली-गलौज शुरू कर दी। बात यहीं नहीं रुकी, आरोपी ने प्लास्टिक के हत्थे वाले पेचकस से युवक की पीठ पर हमला कर दिया। हमले में उसकी पीठ से खून निकलने लगा। घटना चिंगराजपारा के लक्ष्मी चौक की है। सरकंडा पुलिस ने मामले में थाने के सूचीबद्ध गुंडा बदमाश दुर्गेश सूर्यवंशी (19) को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है।

पुलिस के मुताबिक चिंगराजपारा स्थित अटल आवास निवासी बिसाहू साहू ई-ऑटो चलाता है। 20 नवंबर की शाम करीब सात बजे वह पार्षद रानी शैलेश देवांगन का ई-ऑटो लेकर उनके घर छोड़ने लक्ष्मी चौक पहुंचा था। इसी दौरान मोहल्ले में रहने वाला दुर्गेश सूर्यवंशी वहां मिला। उसने बिसाहू से शराब पीने के लिए पैसे मांगे। पैसे नहीं होने की बात कहने पर आरोपी ने गाली-गलौज शुरू कर दी और जान से मारने की धमकी देते हुए पेचकस से हमला कर दिया।

हमले में बिसाहू की पीठ के दाहिने हिस्से में चोट आई और खून निकलने लगा। मौके पर मौजूद पार्षद रानी देवांगन ने बीच-बचाव कर युवक को बचाया और आरोपी को मारपीट करने से रोका।

पेचकस जब्त, आरोपी को जेल

घटना के बाद बिसाहू ने सरकंडा थाने पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने अपराध दर्ज कर दुर्गेश को हिरासत में लेकर पूछताछ की। पुलिस के अनुसार आरोपी ने मारपीट करना स्वीकार किया। उसकी निशानदेही पर घटना में इस्तेमाल प्लास्टिक के हत्थे वाला पेचकस जब्त किया गया।

पुलिस के मुताबिक दुर्गेश थाने का सूचीबद्ध गुंडा बदमाश है और उसके खिलाफ पहले भी कई आपराधिक मामले दर्ज हैं। उसे गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया, जहां से न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है।