Weather update।नई दिल्ली। देशभर में मौसम का मिजाज तेजी से बदल रहा है। उत्तर भारत के कई हिस्सों में ठंड का असर महसूस होने लगा है, वहीं कुछ राज्यों में बारिश, तेज हवाओं और गरज-चमक से मौसम बदलने की संभावना है।

मौसम विभाग (IMD) के अनुसार, चक्रवाती तूफान अकवान का प्रभाव कमजोर पड़ने के बाद भी देश के कई हिस्सों में मौसमी गतिविधियां बनी हुई हैं।

आज कई राज्यों में बारिश और गरज-चमक देखने को मिल सकती है। वहीं, सुबह के समय कुछ इलाकों में कोहरा छाने का अनुमान है।

देश की राजधानी दिल्ली में आज सुबह मध्यम कोहरा छाने की संभावना है। मौसम विभाग के अनुमान के मुताबिक, यहां अधिकतम तापमान करीब 26 डिग्री और न्यूनतम तापमान 14 डिग्री सेल्सियस रह सकता है।

कल भी मध्यम कोहरा देखने को मिल सकता है। इसके बाद 26 नवंबर तक हल्का कोहरा छाए रहने का अनुमान है।

उत्तर प्रदेश के कई जिलों में आज मौसम बदल सकता है। पूर्वी उत्तर प्रदेश के कुछ हिस्सों में गरज-चमक के साथ बारिश और बिजली गिरने की संभावना जताई गई है।

बिहार में भी बारिश के साथ तेज हवाएं चल सकती हैं। राज्य के कुछ इलाकों में अगले तीन दिनों तक बारिश का दौर जारी रहने का अनुमान है।

झारखंड के कई जिलों में भी बारिश का अलर्ट जारी किया गया है। वहीं, पश्चिम बंगाल में भारी बारिश की संभावना जताई गई है। दूसरी ओर, पंजाब, हरियाणा और चंडीगढ़ में सुबह के समय धुंध छा सकती है।

राजस्थान में आज पूर्वी और पश्चिमी दोनों हिस्सों में मौसम शुष्क रहने का अनुमान है। राज्य में बारिश, आंधी या ओलावृष्टि को लेकर कोई अलर्ट नहीं है। मध्य प्रदेश के पूर्वी हिस्सों में मौसम बदल सकता है।

यहां आज और कल बारिश होने की संभावना है। छत्तीसगढ़ में आज तेज हवाएं चलने के आसार हैं।

पूर्वोत्तर भारत के कई राज्यों में आज बारिश की संभावना है। अरुणाचल प्रदेश, असम, मेघालय, नागालैंड, मणिपुर, मिजोरम और त्रिपुरा के कुछ इलाकों में बादल बरस सकते हैं। असम और मेघालय के कुछ हिस्सों में भारी बारिश होने का अनुमान है।

दक्षिण भारत में भी बारिश का सिलसिला जारी रहने की संभावना है। तमिलनाडु और पुडुचेरी में 23 नवंबर तक हल्की से छिटपुट बारिश हो सकती है। वहीं, तटीय आंध्र प्रदेश, यनम, रायलसीमा, केरल और माहे में 26 नवंबर तक अलग-अलग दिनों में बारिश होने के आसार हैं।

उत्तराखंड के कुछ इलाकों में आज घने कोहरे और ठंड का प्रभाव देखने को मिल सकता है। ऋषिकेश, रुद्रप्रयाग, हरिद्वार और पिथौरागढ़ समेत आसपास के क्षेत्रों में मौसम को लेकर सतर्क रहने की जरूरत है।

दूसरी ओर, हिमाचल प्रदेश में मौसम साफ रहने का अनुमान है। जम्मू-कश्मीर में भी आज मौसम शुष्क रह सकता है।