बिलासपुर…सहकारी समिति में भुगतान के लिए चेक काटे गए। चेक पर रकम लिखी गई, हस्ताक्षर हुए और भुगतान के लिए बैंक पहुंच गए। लेकिन बैंक पहुंचने के बाद चेकों में दर्ज रकम बढ़ा दी गई। आरोप है कि इसी तरह तीन चेकों में काट-छांट कर 3 लाख 38 हजार रुपये ज्यादा निकाल लिए गए। बिल्हा के जिला सहकारी केंद्रीय बैंक में हुए इस फर्जीवाड़े में पुलिस ने बैंक के दो कर्मचारियों और गुमा सेवा सहकारी समिति के अध्यक्ष को गिरफ्तार किया है। हैरानी की बात यह है कि मामले की शिकायत करने वाला अध्यक्ष भी जांच में आरोपी निकला।

स्वीकृत रकम से कई गुना निकाले

बिल्हा पुलिस के मुताबिक गुमा सेवा सहकारी समिति में तीन चेकों से कुल 3 लाख 14 हजार 130 रुपये निकालने की मंजूरी दी गई थी। आरोप है कि चेकों पर रकम बढ़ाकर कुल 6 लाख 52 हजार 130 रुपये निकाल लिए गए। यानी स्वीकृत रकम से 3 लाख 38 हजार रुपये ज्यादा।

तीनों चेकों में इस तरह रकम बढ़ाई गई कि 51 हजार 900 रुपये की जगह 89 हजार 900 रुपये, 1 लाख 82 हजार 80 रुपये की जगह 2 लाख 82 हजार 80 रुपये और 80 हजार 150 रुपये की जगह 2 लाख 80 हजार 150 रुपये निकाल लिए गए।

बैंक से चेक पास, रकम भी निकाले

पुलिस का आरोप है कि बैंक के लेखापाल ऋषिकेश पाण्डेय ने काट-छांट वाले चेक पास किए। कैशियर संजय सिंह बघेल ने भी चेक निरस्त करने के बजाय उनके आधार पर नकद रकम निकालकर दे दी। इस तरह चेकों में बढ़ाई गई रकम का भुगतान हो गया।

पुलिस के मुताबिक समिति के प्रस्तावों में भी छेड़छाड़ की गई थी। प्रस्ताव में जितनी रकम मंजूर थी, चेक में उससे ज्यादा रकम लिखी गई। इसके बावजूद भुगतान हो गया।

शिकायत करने वाला अध्यक्ष भी आरोपी

मामले में गुमा समिति के अध्यक्ष राजकुमार बरगाह ने 26 सितंबर को पुलिस में शिकायत दर्ज कराई थी। लेकिन जांच आगे बढ़ी तो उनकी भूमिका भी सामने आ गई।

पुलिस के अनुसार समिति में भुगतान के प्रस्ताव राजकुमार बरगाह और तत्कालीन प्रबंधक शरद कश्यप की मौजूदगी में पारित हुए थे। प्रस्ताव पंजी में काट-छांट होने के बावजूद इसकी जांच नहीं की गई। शरद कश्यप की 10 सितंबर को मृत्यु हो गई थी। इसके करीब 15 दिन बाद राजकुमार बरगाह ने शिकायत दर्ज कर बैंक कर्मचारियों और मृत प्रबंधक पर जिम्मेदारी डालने की बात कही थी।

जांच में पर्याप्त सबूत मिलने के बाद पुलिस ने शिकायतकर्ता राजकुमार बरगाह को भी आरोपी बना लिया।

तीन गिरफ्तार, दो को अग्रिम जमानत

पुलिस ने 21 नवंबर को लेखापाल ऋषिकेश पाण्डेय, कैशियर संजय सिंह बघेल और समिति अध्यक्ष राजकुमार बरगाह को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया। तीनों को न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है।

मामले में बैंक के सुपरवाइजर हितेश सलूजा और शाखा प्रबंधक लक्ष्मण कौशिक को उच्च न्यायालय से अग्रिम जमानत मिली थी। न्यायालय के आदेश पर 21 अक्टूबर को उनकी गिरफ्तारी की औपचारिक कार्रवाई कर जमानत पर रिहा किया गया था।

पुलिस ने मामले में धोखाधड़ी, कूटरचना और आपराधिक षड्यंत्र सहित भारतीय न्याय संहिता की विभिन्न धाराओं में अपराध दर्ज किया है। मामले की विवेचना जारी है।

कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक अजय साहू, उप निरीक्षक जी.एल. चंद्राकर और प्रशिक्षु उप निरीक्षक आकाश कुमार की विशेष भूमिका रही।