बिलासपुर… छत्तीसगढ़ राज्य का गठन वर्ष 2000 में हुआ, लेकिन इस नाम के प्रति गौरव और पहचान का भाव इससे कई दशक पहले ही बिलासपुर में आकार ले चुका था। शहर की केंद्रीय जेल के समीप बृहस्पति बाजार क्षेत्र में वर्ष 1951 में शुरू हुआ छत्तीसगढ़ उच्चतर माध्यमिक शाला इसका एक जीवंत उदाहरण है। सात अप्रैल 1951 को जिस संस्था का नामकरण ‘छत्तीसगढ़ स्कूल’ के रूप में हुआ, उसने राज्य बनने से करीब पांच दशक पहले ही छत्तीसगढ़ नाम को अपनी पहचान बना लिया था। शिक्षा के साथ खेल गतिविधियों में भी इस स्कूल ने अविभाजित मध्यप्रदेश से लेकर वर्तमान छत्तीसगढ़ तक अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाया है। लेकिन आज 75 साल की इस गौरवशाली विरासत के सामने आर्थिक चुनौतियां खड़ी हैं। प्रबंधन का कहना है कि शासन से मिलने वाले अनुदान में कमी के कारण स्कूल के संचालन और पुरानी प्रतिष्ठा को बनाए रखना मुश्किल होता जा रहा है।

इसी ऐतिहासिक विरासत और मौजूदा चुनौतियों के बीच छत्तीसगढ़ स्कूल 13 दिसंबर को अपना अमृत महोत्सव मनाने जा रहा है। इस आयोजन में 1200 से अधिक पूर्व छात्रों के शामिल होने की उम्मीद है। शिक्षक सम्मान समारोह, पूर्व छात्र सम्मेलन और स्मारिका विमोचन के जरिए स्कूल के 75 साल के सफर को याद किया जाएगा। प्रबंधन का उद्देश्य पुराने विद्यार्थियों को एक मंच पर लाने के साथ स्कूल की उपलब्धियों, वर्तमान स्थिति और भविष्य की जरूरतों को सामने रखना भी है।

जब छत्तीसगढ़ नाम से ही स्कूल की पहचान बनी

छत्तीसगढ़ स्कूल की शुरुआत वर्ष 1951 में पांचवीं कक्षा से हुई थी। सात अप्रैल 1951 को स्कूल के नामकरण के अवसर पर रायगढ़ स्टेट के पूर्व दीवान डॉ. बलदेव प्रसाद मिश्र की मौजूदगी रही। एसबीआर महाविद्यालय के संस्थापक प्राचार्य जमुना प्रसाद वर्मा की अध्यक्षता में हुए आयोजन में संस्था को छत्तीसगढ़ नाम दिया गया। उस दौर में किसी ने कल्पना भी नहीं की थी कि आगे चलकर छत्तीसगढ़ अलग राज्य बनेगा, लेकिन इस स्कूल ने अपनी पहचान में इस नाम को पहले ही आत्मसात कर लिया था।

शुरुआत से ही ग्रामीण क्षेत्रों के विद्यार्थियों का यहां के प्रति खास आकर्षण रहा। अनुसूचित जाति, अनुसूचित जनजाति और पिछड़ा वर्ग सहित सभी वर्गों के बच्चों ने यहां शिक्षा हासिल की। समय के साथ स्कूल की पहचान शहर से निकलकर आसपास के ग्रामीण इलाकों तक पहुंची। यहां से पढ़कर निकले विद्यार्थी आज प्रशासनिक, राजनीतिक, सामाजिक, शैक्षणिक और खेल जगत में अपनी सेवाएं दे रहे हैं।

राजनीति से प्रशासन और खेल जगत तक पहुंची पहचान

इस स्कूल से जुड़े पूर्व विधानसभा उपाध्यक्ष बनवारी लाल अग्रवाल, पूर्व सांसद गोविंदराम मिरी, पूर्व मंत्री डॉ. कृष्णमूर्ति बांधी, बेलतरा विधायक सुशांत शुक्ला और पूर्व कुलसचिव राजकुमार सचदेव सहित अनेक नाम इसकी शैक्षणिक विरासत का हिस्सा हैं। पद्मश्री स्वर्गीय पंडित श्यामलाल चतुर्वेदी ने भी यहां लंबे समय तक शैक्षणिक गतिविधियों में अपनी सेवाएं दीं।

स्कूल की उपलब्धियां केवल शिक्षा तक सीमित नहीं रहीं। खेल गतिविधियों में भी यहां के विद्यार्थियों ने अविभाजित मध्यप्रदेश के समय से लेकर छत्तीसगढ़ बनने के बाद तक अपनी प्रतिभा का परिचय दिया है। यही वजह है कि इस संस्था की पहचान एक सामान्य स्कूल से आगे बढ़कर शहर की शैक्षणिक और खेल परंपरा से जुड़ गई है।

प्राचार्यों की मेहनत से आगे बढ़ता रहा स्कूल

संस्था के 75 साल के सफर में कई प्राचार्यों ने अपनी सेवाएं दीं। मधुकर आनंद बाटवे ने 37 साल तक प्राचार्य की जिम्मेदारी संभाली। उनके बाद मधुकर विश्वनाथ ने आठ साल, गोवर्धन लाल को गुलहरे ने 16 साल, विनोद कुमार दुबे ने एक साल और सुशील कुमार तिवारी ने नौ साल तक संस्था का नेतृत्व किया। वर्ष 2022 से प्रशांत दिवाकर चिपड़े प्राचार्य की जिम्मेदारी संभाल रहे हैं।

वर्ष 1965-66 में पद्मश्री पंडित श्यामलाल चतुर्वेदी के प्रयासों से कोटमी सुनार में भी स्कूल की गतिविधियों का विस्तार हुआ। इससे संस्था की पहुंच और बढ़ी तथा ग्रामीण अंचलों के विद्यार्थियों को शिक्षा से जोड़ने में मदद मिली।

अमृत महोत्सव में पुरानी यादों के साथ भविष्य की चिंता

13 दिसंबर को होने वाले अमृत महोत्सव की शुरुआत प्रार्थना और दीप प्रज्ज्वलन से होगी। पहले चरण में पूर्व विद्यार्थियों और शिक्षकों का सम्मान किया जाएगा। दोपहर में सांस्कृतिक कार्यक्रम होंगे। आयोजन के दौरान दिवंगत शिक्षकों को श्रद्धांजलि भी दी जाएगी। स्कूल के 75 साल के इतिहास, उपलब्धियों, पूर्व प्राचार्यों और विद्यार्थियों की जानकारी समेटकर तैयार की गई स्मारिका का विमोचन भी किया जाएगा।

पत्रकार वार्ता में छत्तीसगढ़ शिक्षा समिति बिलासपुर के अध्यक्ष डॉ. श्रीश कुमार मिश्रा ने बताया कि वे स्वयं भी इसी स्कूल के विद्यार्थी रहे हैं। उन्होंने कहा कि संस्था से निकले विद्यार्थियों ने अलग-अलग क्षेत्रों में अपनी पहचान बनाई है। स्कूल की इस विरासत को आगे बढ़ाना और शिक्षा के क्षेत्र में नई पीढ़ी को बेहतर अवसर देना आयोजन का प्रमुख उद्देश्य है।

पत्रकार वार्ता को सुधीर शर्मा, जितेंद्र श्रीवास्तव और स्कूल के प्राचार्य प्रशांत दिवाकर चिपड़े ने संबोधित किया। स्कूल की उपलब्धियों के साथ संस्था की संचालन में आने वाली परेशानियों को भी सामने रखा।

75 साल का सफर पूरा कर रहा यह स्कूल एक ओर अपने पूर्व विद्यार्थियों की उपलब्धियों पर गर्व कर रहा है, तो दूसरी ओर भविष्य को लेकर चिंता भी जता रहा है। अमृत महोत्सव में जहां पुरानी पीढ़ी अपनी स्मृतियां साझा करेगी, वहीं इस आयोजन के बहाने एक बड़ा सवाल भी सामने है कि छत्तीसगढ़ नाम को राज्य बनने से पहले अपनी पहचान बनाने वाली इस संस्था की गौरवशाली विरासत को सुरक्षित रखने के लिए शासन और समाज कितनी जिम्मेदारी निभाएंगे।