बिलासपुर…दयालबंद के मधुबन इलाके में शनिवार दोपहर अरपा नदी का तेज बहाव दो परिवारों के लिए जिंदगी का सबसे मुश्किल इंतजार छोड़ गया। नदी में नहाने पहुंचे तीन बच्चे बहते नारियल को पकड़ने के लिए आगे बढ़े, तभी अचानक तेज हुई धारा में दो बच्चे संतुलन खो बैठे और देखते ही देखते बह गए। तीसरा बच्चा किसी तरह किनारे लौट आया और उसने परिजनों व आसपास के लोगों को घटना की जानकारी दी।

नदी में बहे बच्चों की पहचान मधुबन अटल आवास निवासी 12 वर्षीय आयान अंसारी और 16 वर्षीय इमरेश के रूप में हुई है। दोनों शनिवार दोपहर मोहल्ले के पास अरपा नदी में नहाने पहुंचे थे। उनके साथ एक और बच्चा था। नहाने के दौरान तीनों की नजर पानी में बहते नारियल पर पड़ी। उसे पकड़ने के लिए वे आगे बढ़े, लेकिन इसी दौरान नदी का बहाव अचानक तेज हो गया। आयान और इमरेश धारा की चपेट में आकर बह गए।

दोनों बच्चों को आंखों के सामने बहता देखकर तीसरा बच्चा किसी तरह सुरक्षित किनारे पहुंचा। उसने तत्काल परिवार और मोहल्ले के लोगों को घटना की जानकारी दी। खबर फैलते ही नदी किनारे लोगों की भीड़ जमा हो गई। परिजन भी मौके पर पहुंचे और अपने स्तर पर बच्चों को तलाशते रहे, लेकिन उनका कोई पता नहीं चला।

सूचना मिलने पर सिटी कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने स्थानीय लोगों की मदद से नदी किनारे और आसपास के संभावित स्थानों पर तलाश शुरू कराई। तेज बहाव में बच्चों के काफी दूर तक बह जाने की आशंका को देखते हुए एसडीआरएफ को सूचना दी गई।

एसडीआरएफ की टीम मौके पर पहुंची और नदी में सर्च ऑपरेशन शुरू किया। जवान संभावित स्थानों पर लगातार तलाश कर रहे हैं। नदी में पानी का बहाव तेज होने के कारण बचाव दल को भी मुश्किलों का सामना करना पड़ रहा है, लेकिन बच्चों की तलाश लगातार जारी है।

नदी किनारे मौजूद परिजनों की निगाहें अब अरपा की धार पर टिकी हैं। हर गुजरते पल के साथ बेचैनी बढ़ रही है और परिवार किसी चमत्कार की उम्मीद लगाए बैठा है। फिलहाल पुलिस और एसडीआरएफ की टीम नदी के अलग-अलग हिस्सों में दोनों बच्चों की तलाश में जुटी हुई है।