भोपाल-रायपुर ।स्वच्छता के प्रति जागरूकता और जनभागीदारी को बढ़ावा देने के उद्देश्य से रिलायंस जियो के कर्मचारियों ने मध्यप्रदेश और छत्तीसगढ़ के विभिन्न शहरों में विशेष स्वच्छता अभियान चलाया। रिलायंस फाउंडेशन के ‘स्वच्छता ही सेवा’ अभियान के तहत आयोजित इस पहल में जियो कर्मचारियों ने कार्यालय परिसरों के साथ रेलवे स्टेशन, बस स्टेशन, प्रमुख बाजारों, उद्यानों और अन्य सार्वजनिक स्थानों पर साफ-सफाई कर स्वच्छता का संदेश दिया।

अभियान में बड़ी संख्या में जियो कर्मचारी उत्साह के साथ शामिल हुए। हाथों में झाड़ू और डस्टबिन लेकर कर्मचारियों ने सार्वजनिक स्थलों और उनके आसपास के क्षेत्रों से कचरा एकत्र किया तथा साफ-सफाई की। रेलवे स्टेशन और बस स्टेशन जैसे व्यस्त सार्वजनिक स्थलों के साथ प्रमुख बाजारों, उद्यानों और अन्य स्थानों पर भी कर्मचारियों ने स्वच्छता गतिविधियों में सक्रिय सहभागिता निभाई। इस दौरान लोगों से सार्वजनिक स्थानों पर कचरा नहीं फेंकने और कचरे का उचित निपटान करने की अपील की गई।

‘स्वच्छता ही सेवा’ अभियान के माध्यम से यह संदेश दिया गया कि स्वच्छता केवल किसी एक व्यक्ति, संस्था या प्रशासन की जिम्मेदारी नहीं, बल्कि समाज की सामूहिक जिम्मेदारी है। सार्वजनिक स्थानों को स्वच्छ रखने में प्रत्येक नागरिक की भागीदारी स्वच्छ, सुंदर और स्वस्थ वातावरण के निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती है।

जियो कर्मचारियों की इस पहल ने कार्यस्थल से आगे बढ़कर समाज और सार्वजनिक जीवन के प्रति जिम्मेदारी की भावना को रेखांकित किया। मध्यप्रदेश-छत्तीसगढ़ के विभिन्न शहरों में आयोजित इन स्वच्छता गतिविधियों के जरिए स्वच्छता को दैनिक व्यवहार का हिस्सा बनाने और अधिक से अधिक लोगों को इसके लिए प्रेरित करने का प्रयास किया गया।