बिलासपुर.. जिले में खनिजों के अवैध उत्खनन, परिवहन और भंडारण के खिलाफ प्रशासन ने बड़ी कार्रवाई करते हुए एक कोयला डिपो को सील कर दिया है। जांच में कोयले की गुणवत्ता में कथित मिलावट, भंडारण शर्तों के उल्लंघन और अन्य अनियमितताएं सामने आने के बाद एक जेसीबी मशीन, एक ट्रेलर समेत कुल आठ वाहन-मशीनें जब्त की गई हैं।

कलेक्टर के निर्देश और खनिज विभाग के मार्गदर्शन में खनिज अमले ने पुलिस के सहयोग से 10 जून को सकरी क्षेत्र के ग्राम गतौरी में संचालित बालाजी कोल ट्रेडिंग एंड कंस्ट्रक्शन के अस्थायी कोयला भंडारण केंद्र की जांच की। जांच के दौरान कोयले की गुणवत्ता में हेरफेर और भंडारण अनुज्ञा की शर्तों के उल्लंघन के आरोप पाए गए। मौके से एक ट्रेलर और एक जेसीबी मशीन जब्त कर पुलिस अभिरक्षा में रखा गया, जबकि पूरे भंडारण केंद्र को तत्काल सील कर दिया गया।

इसके बाद 11 और 12 जून को सकरी, कोटा, विजयपुर, दर्री, तखतपुर तथा खोगसरा क्षेत्रों में विशेष जांच अभियान चलाया गया। कार्रवाई के दौरान दर्री-विजयपुर क्षेत्र से गिट्टी का अवैध परिवहन करते एक हाइवा, सकरी क्षेत्र से रेत और गिट्टी का परिवहन करते दो अन्य हाइवा वाहन जब्त किए गए।

वहीं बिलासपुर और गौरेला-पेंड्रा-मरवाही जिले की सीमा से लगे खोगसरा क्षेत्र में संयुक्त जांच के दौरान अरपा नदी से अवैध रेत उत्खनन करते तीन ट्रैक्टर-ट्रॉलियां पकड़ी गईं। सभी वाहनों को जब्त कर संबंधित थानों की अभिरक्षा में रखा गया है।

खनिज विभाग के अनुसार अवैध उत्खनन, परिवहन और भंडारण के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा। विभाग ने स्पष्ट संकेत दिए हैं कि नियमों को ताक पर रखकर खनिज कारोबार करने वालों पर आगे भी सख्त कार्रवाई की जाएगी।