रायगढ़। छत्तीसगढ़ के रायगढ़ जिले के घरघोड़ा क्षेत्र में सरकारी जमीन पर कथित अतिक्रमण और निर्माण कार्य रोकने की समझाइश देने पहुंचे पटवारी के साथ मारपीट का मामला सामने आया है।

आरोप है कि जांच के दौरान विवाद बढ़ने पर दो भाइयों ने पटवारी के साथ गाली-गलौज की, जान से मारने की धमकी दी और डंडे व मुक्कों से हमला कर दिया। घायल पटवारी की शिकायत पर घरघोड़ा पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ अपराध दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

ग्राम पोरडा निवासी शिवानंद गिरी (37) राजस्व निरीक्षक मंडल कुडुमकेला के अंतर्गत पटवारी हल्का नंबर-8, ग्राम रायकेरा में पदस्थ हैं। शिकायत के अनुसार, गुरुनानक जयंती की छुट्टी के दिन वे घर पर थे।

इसी दौरान तहसीलदार ने उन्हें तिलाईपाली-रायकेरा क्षेत्र में सरकारी जमीन पर अतिक्रमण की सूचना मिलने पर जांच करने के निर्देश दिए।

बताया गया कि ग्राम नयारामपुर में NTPC द्वारा आरक्षित स्कूल मैदान के पास प्यारीलाल गुप्ता उर्फ गांधी गुप्ता सरकारी जमीन पर शेड का निर्माण कर रहा था। तहसीलदार के मौखिक निर्देश पर पटवारी मौके के लिए रवाना हुए। रास्ते में मिले खगेश्वर गुप्ता को भी वे अपने साथ ले गए।

मौके पर जांच के दौरान पता चला कि विवादित जमीन का कुछ हिस्सा वन विभाग और कुछ हिस्सा राजस्व विभाग के अंतर्गत आता है।

इस पर पटवारी ने वन विभाग के कर्मचारी सुभाष कुमार कर्ष को मौके पर बुलाने का प्रयास किया। शिकायत के मुताबिक, उन्होंने एक-दो दिन बाद जांच करने की बात कही।

इसके बाद पटवारी ने प्यारीलाल गुप्ता को जांच पूरी होने तक सरकारी जमीन पर निर्माण कार्य रोकने की समझाइश दी। आरोप है कि इस बात पर प्यारीलाल नाराज हो गया और पटवारी से पूछने लगा कि वे किसके आदेश पर वहां पहुंचे हैं।

पटवारी शिवानंद गिरी के मुताबिक, उन्होंने प्यारीलाल को बताया कि वे तहसीलदार के निर्देश पर जांच करने आए हैं। इसके बाद फोन पर उसकी तहसीलदार से बात भी कराई गई। शिकायत में आरोप लगाया गया है कि बातचीत के दौरान प्यारीलाल ने तहसीलदार के साथ भी अभद्र व्यवहार किया।

शिकायत के अनुसार, तहसीलदार से बातचीत के बाद जब पटवारी वापस लौट रहे थे, तभी प्यारीलाल गुप्ता ने वहां मौजूद उत्तर कुमार गुप्ता को निर्माण की सूचना देने की बात कही। इसी दौरान उसने गाली-गलौज करते हुए मुक्कों और डंडे से मारपीट शुरू कर दी।

पटवारी जब बीच-बचाव करने पहुंचे, तो आरोप है कि प्यारीलाल ने उनके साथ भी गाली-गलौज की और जान से मारने की धमकी देते हुए हमला कर दिया।

इसी दौरान प्यारीलाल का बड़ा भाई विजय गुप्ता भी मौके पर पहुंच गया। आरोप है कि उसने भी पटवारी के साथ हाथ-मुक्कों से मारपीट की। घटना में शिवानंद गिरी के गाल, पीठ और शरीर के अन्य हिस्सों में चोटें आईं।

घटना के बाद पटवारी शिवानंद गिरी ने घरघोड़ा थाने पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने प्यारीलाल गुप्ता और विजय गुप्ता के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 115(2), 132, 223, 296, 3(5) और 351(3) के तहत अपराध पंजीबद्ध किया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।