बिलासपुर…उत्तर प्रदेश में अगला विधानसभा चुनाव मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में ही लड़ा जाएगा और भाजपा उनके चेहरे पर एक बार फिर सरकार बनाने का दावा कर रही है। यह बात उत्तर प्रदेश सरकार के कैबिनेट मंत्री मनोज कुमार पांडेय ने बुधवार को बिलासपुर के सर्किट हाउस में पत्रकारों से चर्चा के दौरान कही। लेकिन पत्रकारों के सवालों में योगी सरकार की उपलब्धियों से ज्यादा चुनावी राजनीति की उन चुनौतियों का जिक्र था, जिनका जवाब मंत्री से मांगा जा रहा था। हिंदू मतदाताओं के वोट कम होने की चर्चा, मुस्लिम मतदाताओं के वोट पड़ने का सवाल, लखीमपुर खीरी में एक जाति विशेष के 15 से 17 हजार मतदाताओं के नाम कम होने का दावा और भाजपा के पारंपरिक वोट बैंक में सेंध की आशंका—इनमें से किसी पर भी मंत्री कोई ठोस आंकड़ा या स्पष्ट जवाब नहीं दे सके। सवाल चुनावी गणित के थे, लेकिन जवाब में कभी कांग्रेस का इतिहास आया, कभी रामराज्य का भरोसा और कभी योगी सरकार के विकास का बखान।

वोट घटने.. पड़ने का जिक्र; मंत्री ने बात घुमाई

पत्रकारों ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के बयान के संदर्भ में पूछा कि एक तरफ हिंदू मतदाताओं के वोट कम होने की बात कही जा रही है, वहीं दूसरी तरफ मुस्लिम मतदाताओं के वोट पड़ने का जिक्र हो रहा है। आखिर उत्तर प्रदेश में हिंदू वोटरों की संख्या कम होने और मुस्लिम मतदाताओं के वोट बढ़ने की चर्चा के पीछे क्या वजह है? क्या यह भाजपा के लिए चिंता का विषय नहीं है?

इस पर मनोज पांडेय ने कहा कि मुख्यमंत्री ने सीधे तौर पर ऐसा कुछ नहीं कहा है। उन्होंने मतदाता सूची के आधार पर वोटों की स्थिति सामने आने की बात कही और यह भी कहा कि चुनाव आयोग ने उन्हें इस संबंध में कोई जानकारी नहीं दी है। इसके बाद उन्होंने आशंका जताई कि जानबूझकर हिंदू और सनातनी मतदाताओं के नाम मतदाता सूची से हटाए गए होंगे। इसके पीछे विपक्ष की साजिश होने की बात भी कही। लेकिन जब सवाल यह था कि हिंदू मतदाताओं के वोट कम और मुस्लिम मतदाताओं के वोट पड़ने की स्थिति पर सरकार के पास क्या आंकड़े हैं, तब मंत्री कोई स्पष्ट जानकारी नहीं दे सके। मुख्यमंत्री के बयान से दूरी बनाते हुए विपक्ष पर आरोप लगा देना सवाल का जवाब नहीं था।

वोटों का हिसाब मांगने पर नहीं मिला जवाब

लखीमपुर खीरी में एक जाति विशेष के करीब 15 से 17 हजार मतदाताओं के नाम कम होने का सवाल उठा तो मंत्री ने पहले इसे गलत बताया। बाद में उन्होंने कहा कि मतदाता सूची से उन्हीं लोगों के नाम हटाए जाते हैं, जिनकी मृत्यु हो गई हो या जो दूसरी जगह चले गए हों अथवा स्थान बदल चुके हों। लेकिन सवाल यह था कि लखीमपुर में इतनी बड़ी संख्या में नाम कम होने की वास्तविक वजह क्या है? क्या इस मामले की जांच हुई और क्या सरकार के पास इसका कोई आधिकारिक आंकड़ा है? इन सवालों पर मंत्री कोई ठोस जानकारी नहीं दे सके। इतनी बड़ी संख्या के सवाल को सामान्य प्रक्रिया का हवाला देकर टालने की कोशिश जरूर हुई, लेकिन 15 से 17 हजार नामों का हिसाब सामने नहीं आया।

भाजपा का भरोसा सिर्फ रामराज्य पर?

उत्तर प्रदेश के बदलते राजनीतिक समीकरणों पर भी मंत्री को सवालों का सामना करना पड़ा। पूछा गया कि बसपा का पारंपरिक दलित वोट बैंक कमजोर हुआ है और अखिलेश यादव की राजनीति में पिछड़ा वर्ग भी बड़ी भूमिका निभा रहा है। ऐसे में भाजपा अपने कोर वोट बैंक को कैसे बचाएगी? क्या दलित और पिछड़े मतदाताओं के बीच पार्टी की पकड़ कमजोर होने की चुनौती नहीं है?

मंत्री ने भाजपा के पारंपरिक वोट बैंक में किसी तरह की कमजोरी से इनकार किया। उनका जवाब था कि सनातनी हमेशा सनातन के साथ रहेंगे और रामराज्य की सरकार चुनेंगे। लेकिन दलित और पिछड़े वर्ग के मतदाताओं के बदलते रुझान, बसपा और सपा के राजनीतिक आधार तथा भाजपा की चुनावी रणनीति पर कोई ठोस जवाब नहीं आया। वोटों के बदलते समीकरण का सवाल था, जवाब में रामराज्य का भरोसा दिया गया।

यूजीसी विवाद पर बोले- न ब्राह्मण नाराज, न सामान्य

यूजीसी से जुड़े विवाद और सामान्य वर्ग, विशेषकर ब्राह्मण समाज की नाराजगी के सवाल पर मंत्री ने कहा कि मामला सुप्रीम कोर्ट में है। उन्होंने किसी वर्ग की नाराजगी से इनकार करते हुए कहा कि योगी आदित्यनाथ और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी सबका साथ, सबका विश्वास के सिद्धांत पर चलते हैं। लेकिन विवाद को लेकर समाज के एक हिस्से में उठ रही आपत्तियों और उसके राजनीतिक असर पर उन्होंने कोई विस्तार से बात नहीं की। सवाल सामाजिक असंतोष और उसके चुनावी प्रभाव का था, जवाब में सरकार के नारे और नेतृत्व पर भरोसा जताया गया।

कांग्रेस और कारसेवकों की याद दिलाई

राम मंदिर के चंदे में कथित गड़बड़ी को लेकर विपक्ष के आरोपों पर मंत्री ने कांग्रेस को निशाने पर लिया। उन्होंने कहा कि आज चंदे पर सवाल उठाने वाले वही लोग हैं, जिनके शासनकाल में रामभक्तों पर गोलियां चलवाई गईं और भगवान राम के अस्तित्व पर सवाल उठाए गए। कांग्रेस के करीब 55 साल के शासन का हवाला देते हुए उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश की पहले की स्थिति किसी से छिपी नहीं है।

उन्होंने विपक्ष पर चुनाव आयोग, न्यायपालिका, सेना और संवैधानिक संस्थाओं पर सवाल उठाने का आरोप लगाया। कांग्रेस नेताओं पर तंज कसते हुए कहा कि वे मुंगेरीलाल के हसीन सपने देख रहे हैं। जनता तय करती है कि कौन कुर्सी पर रहेगा और कौन सड़क पर। उनका कहना था कि भाजपा जीतती है तो विपक्ष चुनाव प्रक्रिया पर सवाल उठाने लगता है, जबकि अपनी जीत पर वही दल जश्न मनाते हैं। राम मंदिर के चंदे से जुड़े सवाल पर आरोपों का बिंदुवार जवाब देने के बजाय मंत्री ने कांग्रेस के पुराने राजनीतिक रिकॉर्ड को सामने रख दिया।

तारीफ में भी आंकड़े नहीं रख पाए

उत्तर प्रदेश की कानून-व्यवस्था और विकास को लेकर मंत्री ने योगी सरकार की जमकर तारीफ की। उन्होंने कहा कि गांव से शहर तक विकास हुआ है और पहले की तुलना में अपराध की स्थिति बेहतर हुई है। प्रदेश की अर्थव्यवस्था लगातार मजबूत हुई है और उत्तर प्रदेश देश के शीर्ष तीन विकसित राज्यों में शामिल हो गया है। उन्होंने भारत के विश्व की चौथी बड़ी अर्थव्यवस्था बनने का भी उल्लेख किया। हालांकि, प्रदेश की अर्थव्यवस्था और विकास को लेकर किए गए दावों के समर्थन में उन्होंने कोई विस्तृत आंकड़ा सामने नहीं रखा।

सोनिया गांधी की किताब को लेकर पूछे गए सवाल पर मंत्री ने कहा कि किताब पढ़ने वालों को भी बधाई और उसे लिखने वालों को भी बधाई। छत्तीसगढ़ और भगवान राम के संबंधों का उल्लेख करते हुए उन्होंने कहा कि दोनों के बीच गहरा रिश्ता है।

सवालों का जवाब कौन देगा?

मनोज पांडेय ने अंत में फिर दोहराया कि उत्तर प्रदेश में भाजपा योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में चुनाव लड़ेगी और एक बार फिर सरकार बनाएगी। लेकिन पत्रकारों की बातचीत में बार-बार ऐसे सवाल सामने आए, जिनका सीधा संबंध भाजपा के चुनावी आधार और मतदाताओं के बदलते रुझान से था। हिंदू वोटरों के कम होने की चर्चा हो या मुस्लिम मतदाताओं के वोट पड़ने का सवाल, लखीमपुर के हजारों मतदाताओं के नामों का मामला हो या दलित-पिछड़े वोट बैंक की चुनौती—मंत्री ने किसी पर ठोस आंकड़ा नहीं दिया। इसके बजाय कांग्रेस पर हमला, राम मंदिर का संदर्भ और योगी सरकार के विकास का बखान करते रहे।