राजनांदगांव। छत्तीसगढ़ के राजनांदगांव जिले में पुलिस अधीक्षक अंकिता शर्मा ने लापरवाही और रुपये के लेनदेन से जुड़ी शिकायत के मामले में कार्रवाई की है।

एसपी ने अलग-अलग दो आदेश जारी कर एक सहायक उपनिरीक्षक (ASI) और तीन आरक्षकों को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है।

इनमें तीन आरक्षकों पर पुलिस अभिरक्षा में रखे गए दो आरोपियों के फरार होने के मामले में ड्यूटी के दौरान गंभीर लापरवाही बरतने का आरोप है, जबकि ASI के खिलाफ रुपये के लेनदेन की शिकायत की जांच के बाद कार्रवाई की गई है।

पहला मामला राजनांदगांव के कोतवाली थाना क्षेत्र का है। जानकारी के अनुसार, लूट के एक मामले में विशाल बांसफोड़ और राजेश साहू को 25 नवंबर को पूछताछ के लिए थाने लाया गया था।

दोनों के अपराध स्वीकार करने के बाद उन्हें थाने में रखा गया था। इसी दौरान दोनों आरोपी पुलिस अभिरक्षा से फरार हो गए।

दोनों आरोपियों की निगरानी और सुरक्षा की जिम्मेदारी आरक्षक नितेश ध्रुव, किशन देवांगन और दुर्गेश साहू को सौंपी गई थी। आरोप है कि तीनों आरक्षकों ने ड्यूटी के दौरान गंभीर लापरवाही बरती, जिसके चलते आरोपी पुलिस अभिरक्षा से भागने में सफल रहे।

मामले को गंभीरता से लेते हुए एसपी अंकिता शर्मा ने तीनों आरक्षकों को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है।

दूसरा मामला बोरतलाव थाने में पदस्थ सहायक उपनिरीक्षक (सउनि) गोकुल सोनकर से जुड़ा है। उनके खिलाफ रुपये के लेनदेन को लेकर शिकायत एसपी अंकिता शर्मा तक पहुंची थी। शिकायत की जांच कराए जाने के बाद एसपी ने गोकुल सोनकर को निलंबित करने का आदेश जारी किया।

निलंबन अवधि के दौरान गोकुल सोनकर को नियमानुसार जीवन निर्वाह भत्ता मिलता रहेगा।