बिलासपुर… जिले में अवैध शराब कारोबारियों के खिलाफ चल रहे अभियान के तहत पुलिस ने एक बार फिर ताबड़तोड़ कार्रवाई करते हुए रतनपुर और सीपत थाना क्षेत्रों में तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। अलग-अलग रेड कार्रवाई में कुल 51 लीटर कच्ची महुआ शराब, बिक्री रकम और अन्य सामग्री जब्त कर आरोपियों को न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया।

पुलिस उप महानिरीक्षक एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक रजनेश सिंह के निर्देश पर नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत रतनपुर पुलिस को सूचना मिली कि ग्राम जोगीअमराई में एक व्यक्ति महुआ शराब का अवैध कारोबार कर रहा है। सूचना के आधार पर थाना प्रभारी विष्णु यादव के नेतृत्व में टीम ने दबिश देकर पुनउ राम पाव (38) को गिरफ्तार किया। उसके कब्जे से 9 लीटर कच्ची महुआ शराब, 120 रुपए की बिक्री रकम सहित कुल 1,920 रुपए का माल जब्त किया गया।

इधर सीपत थाना क्षेत्र में भी पुलिस ने ग्राम टेकर और सेलर में एक साथ रेड कार्रवाई की। कार्रवाई के दौरान अजय वर्मा निवासी टेकर और घासीराम सूर्यवंशी निवासी सेलर के कब्जे से कुल 42 लीटर कच्ची महुआ शराब बरामद की गई है।

तीनों आरोपियों के खिलाफ आबकारी अधिनियम की धारा 34(2) के तहत प्रकरण दर्ज कर गिरफ्तार किया गया और न्यायालय में पेश करने के बाद जेल भेज दिया गया।

पुलिस अधिकारियों का कहना है कि ग्रामीण इलाकों में अवैध शराब के कारोबार पर लगातार निगरानी रखी जा रही है। मुखबिर तंत्र को सक्रिय किया गया है और नशे के कारोबार में लिप्त लोगों के खिलाफ आगे भी सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।

एसएसपी रजनेश सिंह का स्पष्ट संदेश है कि नशे के अवैध कारोबार को किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। जिलेभर में अभियान जारी रहेगा और कानून तोड़ने वालों पर लगातार प्रहार किया जाएगा।