बिलासपुर…  छत्तीसगढ़ के पूर्व महाधिवक्ता, वरिष्ठ अधिवक्ता, संविधान विशेषज्ञ, गांधीवादी चिंतक और साहित्यकार कनक तिवारी के निधन से प्रदेश के विधि, साहित्य और वैचारिक जगत में शोक की लहर है। संविधान दिवस के दिन उनका निधन विशेष रूप से पीड़ादायी है। संविधान, लोकतंत्र और गांधीवादी मूल्यों के प्रति आजीवन समर्पित रहे कनक तिवारी का जाना छत्तीसगढ़ के लिए अपूरणीय क्षति है।

कनक तिवारी केवल एक विद्वान अधिवक्ता नहीं थे, बल्कि निर्भीक, स्पष्टवादी और अपने सिद्धांतों पर अडिग रहने वाले व्यक्तित्व थे। कानून की गहरी समझ के साथ लोकतंत्र, अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता, सामाजिक न्याय और संवैधानिक मूल्यों पर उनकी बेबाक आवाज उन्हें विशिष्ट पहचान देती थी। वे विचारक, लेखक और संविधान के सजग प्रहरी के रूप में हमेशा याद किए जाएंगे।

प्रदेश कांग्रेस प्रवक्ता अभय नारायण राय ने कनक तिवारी के निधन पर गहरा शोक व्यक्त करते हुए कहा कि उनके जाने से उन्हें व्यक्तिगत आघात पहुंचा है। उन्होंने कहा कि कनक तिवारी विधि विशेषज्ञ होने के साथ गांधीवादी विचारधारा के ऐसे पथ प्रदर्शक थे, जिनका प्रभाव केवल छत्तीसगढ़ तक सीमित नहीं था, बल्कि पूरे देश में था।

अभय नारायण राय ने कहा, “कनक तिवारी जी का निधन कानूनी जगत के लिए बहुत बड़ी क्षति है। वे छत्तीसगढ़ के माटी पुत्र थे और उन्हें अपने देश तथा छत्तीसगढ़ से असीम प्रेम था। ऐसे समय में उनका जाना बेहद दुखद है, जब इस देश को गांधी जी के विचारों और गांधीवादी मूल्यों की सबसे अधिक आवश्यकता है। उनके निधन से गांधीवादी विचारधारा को मानने वालों के एक युग का अंत हुआ है।”

उन्होंने कहा कि कनक तिवारी ने अपने जीवन में शासन और सार्वजनिक जीवन की कई महत्वपूर्ण जिम्मेदारियां निभाईं। वे प्राध्यापक, कानूनविद और साहित्यकार के रूप में अपनी विशिष्ट पहचान रखते थे। छत्तीसगढ़ में भूपेश बघेल के नेतृत्व वाली सरकार के दौरान उन्हें महाधिवक्ता की जिम्मेदारी सौंपी गई थी। इससे पहले अविभाजित मध्यप्रदेश में दिग्विजय सिंह के मुख्यमंत्री रहते हुए भी उन्होंने शासन में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। पूर्व प्रधानमंत्री राजीव गांधी के कार्यकाल में भी उन्हें अहम जिम्मेदारी मिली थी।

अभय नारायण राय ने कहा कि कनक तिवारी का जीवन विचारों की निर्भीकता, संवैधानिक प्रतिबद्धता और गांधीवादी दर्शन के प्रति समर्पण का उदाहरण था। उनका निधन केवल एक वरिष्ठ अधिवक्ता का जाना नहीं, बल्कि विधि और वैचारिक जगत की एक महत्वपूर्ण आवाज का मौन हो जाना है। उनके लेखन, विचार और लोकतांत्रिक मूल्यों के प्रति प्रतिबद्धता आने वाली पीढ़ियों को प्रेरित करती रहेगी।

उन्होंने दिवंगत कनक तिवारी को विनम्र श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए शोकाकुल परिवार के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त की और ईश्वर से दिवंगत आत्मा को शांति तथा परिवार को इस अपार दुख को सहन करने की शक्ति प्रदान करने की प्रार्थना की।