बिलासपुर। छत्तीसगढ़ हाई कोर्ट ने कबीरधाम कलेक्टर के उस आदेश को निरस्त कर दिया है, जिसमें सहायक अधीक्षक भू-अभिलेख के पद पर पदोन्नत अधिकारी को नायब तहसीलदार के रूप में कार्य करने का निर्देश दिया गया था।

कोर्ट ने मामले को गंभीरता से लेते हुए राज्य शासन और कबीरधाम कलेक्टर को नोटिस जारी किया है। दोनों से चार सप्ताह के भीतर जवाब प्रस्तुत करने को कहा गया है।

राज्य शासन ने 19 फरवरी 2026 को राजस्व निरीक्षकों को सहायक अधीक्षक भू-अभिलेख के पद पर पदोन्नत करने का आदेश जारी किया था।

इसी आदेश के तहत मुंगेली जिले में राजस्व निरीक्षक के पद पर कार्यरत अर्जुन साहू को पदोन्नति देकर सहायक अधीक्षक भू-अभिलेख बनाया गया और उनका स्थानांतरण कबीरधाम जिले में किया गया।

कबीरधाम में पदभार ग्रहण करने के बाद कलेक्टर ने 1 मई 2026 को आदेश जारी कर अर्जुन साहू को नायब तहसीलदार के पद पर कार्य करने का निर्देश दिया। अर्जुन साहू ने इस आदेश पर आपत्ति जताई। उनका कहना था कि पदोन्नति के बाद उन्हें दिए गए पद के अनुरूप ही कार्य कराया जाना चाहिए और नायब तहसीलदार का काम सौंपना शासन के निर्देशों के विपरीत है।

कलेक्टर के आदेश को चुनौती देते हुए अर्जुन साहू ने अधिवक्ता मिर्जा हफीज बेग के माध्यम से बिलासपुर हाई कोर्ट में रिट याचिका दायर की। याचिका में कहा गया कि सहायक अधीक्षक भू-अभिलेख के पद पर पदोन्नत अधिकारी को नियमों के विपरीत नायब तहसीलदार के रूप में कार्य करने का निर्देश दिया गया है।

23 नवंबर 2026 को मामले की सुनवाई के दौरान हाई कोर्ट ने पाया कि कबीरधाम कलेक्टर द्वारा 1 मई 2026 को जारी आदेश शासन के 2 जून 2023 के निर्देशों के विपरीत है। इस आधार पर कोर्ट ने कलेक्टर के आदेश को निरस्त कर दिया।

सुनवाई के दौरान यह तथ्य भी सामने आया कि राज्य शासन ने 12 जून 2026 को सभी जिलों के कलेक्टरों को निर्देश जारी किए थे।

इसमें स्पष्ट किया गया था कि सहायक अधीक्षक भू-अभिलेख को तहसीलदार या नायब तहसीलदार के पद पर पदस्थ नहीं किया जाए। इसके बावजूद कबीरधाम कलेक्टर की ओर से ऐसा आदेश जारी किया गया।

हाई कोर्ट ने इस मामले को गंभीरता से लेते हुए राज्य शासन और कबीरधाम कलेक्टर को नोटिस जारी किया है। कोर्ट ने दोनों पक्षों को चार सप्ताह के भीतर अपना जवाब दाखिल करने का निर्देश दिया है। मामले की अगली सुनवाई चार सप्ताह बाद होगी।