रायपुर। छत्तीसगढ़ टीचर्स एसोसिएशन के प्रदेश अध्यक्ष संजय शर्मा ने कहा है कि छत्तीसगढ़ राज्य कर्मचारी हितों के संरक्षण और समस्याओं के निराकरण के मामले में अभी भी काफी पीछे है।

उन्होंने यह टिप्पणी मध्य प्रदेश में राज्य कर्मचारी कल्याण समिति के नेता रमेश चंद्र शर्मा को कैबिनेट मंत्री का दर्जा दिए जाने के संदर्भ में की है।

संजय शर्मा ने कहा कि छत्तीसगढ़ में कर्मचारी अपनी मांगें लगातार विभागों के माध्यम से रखते हैं, लेकिन विभाग टालमटोल का रवैया अपनाते हैं। न तो मांगों के परीक्षण के लिए बनी कमेटियां समय सीमा में रिपोर्ट देती हैं और न ही अधिकारी-कर्मचारी प्रतिनिधियों के बीच संतुष्टिपरक बैठकें होती हैं, जिससे कर्मचारियों को आंदोलन का रास्ता चुनना पड़ता है।

संजय शर्मा ने कहा कि इसके विपरीत मध्य प्रदेश में कर्मचारियों की मांगों को लेकर एक तय प्रणाली काम करती है। वहां जब भी ज्ञापन या मेमोरेंडम दिया जाता है, तो कर्मचारी संघ के साथ बैठक होती है, कमेटी गठित की जाती है।

तथ्यों पर चर्चा होती है और समय सीमा के भीतर बीच का रास्ता निकालकर निर्णय लिया जाता है। सातवें वेतनमान के भुगतान से लेकर महंगाई भत्ते (डीए) तक, मध्य प्रदेश में देय तिथि से एरियर सहित लाभ देने की परंपरा रही है।

छत्तीसगढ़ की स्थिति का जिक्र करते हुए उन्होंने आरोप लगाया कि प्रदेश में करीब 88 महीने से शिक्षक व कर्मचारियों को महंगाई भत्ते का एरियर नहीं मिला है।

महंगाई भत्ता भी देर से घोषित किया जाता है और घोषणा की तिथि से ही देने का प्रचलन बना दिया गया है, जिससे पूर्व के भत्ते का लाभ नहीं मिल पाता। इससे साढ़े चार लाख कर्मचारियों में नाराजगी है, वहीं विभागीय स्तर पर भी कई समस्याएं लंबित हैं।

बैठकों का अभाव और टीईटी पर सवाल

उन्होंने कहा कि मध्य प्रदेश में कर्मचारियों की बात रखने के लिए संवाद तंत्र मजबूत है, जबकि छत्तीसगढ़ में राज्य, संभाग, जिला और ब्लॉक स्तर पर नियमित बैठकों का अभाव दिखता है और कमेटियों के प्रतिवेदन भी समय पर नहीं आते।

शिक्षा विभाग के संदर्भ में उन्होंने कहा कि शिक्षकों और सहायक शिक्षकों को ऑनलाइन टीईटी (TET) परीक्षा दिलाने के लिए बाध्य किया जा रहा है, जबकि कई शिक्षक कंप्यूटर संचालन से परिचित नहीं हैं। उन्होंने पूर्व सेवा गणना का विषय लंबित रहने और ऑफलाइन परीक्षा के विकल्प पर पहल न होने पर भी चिंता जताई।