रायगढ़। घरघोड़ा क्षेत्र में शासकीय भूमि पर अतिक्रमण की जांच करने पहुंचे पटवारी के साथ गाली-गलौज और मारपीट के मामले में पुलिस ने एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।

गिरफ्तार आरोपी विजय गुप्ता को न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है। वहीं, मामले का दूसरा आरोपी प्यारीलाल गुप्ता उर्फ गांधी अभी फरार है। पुलिस उसकी तलाश में लगातार दबिश दे रही है।

पुलिस के अनुसार, पटवारी शिवानंद गिरी ने 24 नवंबर को घरघोड़ा थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई थी। उन्होंने बताया कि वे पटवारी हल्का नंबर-8, ग्राम रायकेरा में पदस्थ हैं।

24 नवंबर को तहसीलदार घरघोड़ा के निर्देश पर वे ग्राम तिलाईपाली और रायकेरा क्षेत्र के ग्राम नयारामपुर में एनटीपीसी द्वारा आरक्षित स्कूल मैदान के पास स्थित शासकीय भूमि पर कथित अतिक्रमण की जांच और मौका निरीक्षण करने पहुंचे थे। उनके साथ स्थानीय निवासी खगेश्वर गुप्ता भी मौजूद थे।

मौके पर निरीक्षण के दौरान पाया गया कि प्यारीलाल गुप्ता उर्फ गांधी निवासी तिलाईपाली द्वारा शासकीय भूमि पर शेड का निर्माण कराया जा रहा था।

पटवारी ने उसे जांच पूरी होने तक एक-दो दिन निर्माण कार्य रोकने की समझाइश दी। तहसीलदार घरघोड़ा ने भी फोन पर संबंधित व्यक्ति को समझाने का प्रयास किया, लेकिन आरोप है कि वह नहीं माना और विवाद करने लगा।

शिकायत के मुताबिक, जब पटवारी मौके से लौटने लगे तो प्यारीलाल गुप्ता ने वहां मौजूद ग्रामीणों को निर्माण कार्य की सूचना देने की बात कहते हुए गाली-गलौज शुरू कर दी। आरोप है कि उसने हाथ-मुक्कों और डंडे से मारपीट की।

पटवारी शिवानंद गिरी ने जब इसका विरोध किया तो आरोपी ने उनके शासकीय कर्मचारी होने की जानकारी के बावजूद शासकीय कार्य में बाधा पहुंचाई और उनके साथ अभद्र व्यवहार किया।

इसी दौरान प्यारीलाल का बड़ा भाई विजय गुप्ता भी मौके पर पहुंच गया। आरोप है कि उसने भी पटवारी के साथ मारपीट की। घटना की शिकायत पर घरघोड़ा पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 223, 132, 296, 351(3), 115(2) और 3(5) के तहत अपराध दर्ज कर जांच शुरू की।

पुलिस ने 25 नवंबर 2026 को आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए दबिश दी। इस दौरान विजय गुप्ता निवासी ग्राम रायकेरा, थाना घरघोड़ा को हिरासत में लेकर गिरफ्तार कर लिया गया। गिरफ्तारी की प्रक्रिया पूरी करने के बाद उसे न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है।

वहीं, मामले का दूसरा आरोपी प्यारीलाल गुप्ता उर्फ गांधी अभी फरार है। पुलिस उसकी गिरफ्तारी के लिए लगातार संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही है।