बिलासपुर….शहर की सड़कें अब लोगों के लिए राहत का रास्ता नहीं, बल्कि रोजाना की परेशानी बन गई हैं। सरकंडा से तिफरा, तोरवा से मंगला और उसलापुर से व्यापार विहार तक शायद ही कोई इलाका ऐसा बचा हो, जहां सड़कें अपनी बदहाली पर आंसू न बहा रही हों। कहीं डामर उखड़ चुका है, कहीं गहरे गड्ढे हैं तो कहीं धूल और बारिश का पानी लोगों की मुश्किलें बढ़ा रहा है।

शहर की इस बदहाल तस्वीर को लेकर नागरिक सुरक्षा मंच ने नगर निगम और प्रशासन के खिलाफ मोर्चा खोलने की चेतावनी दी है। मंच के संयोजक अमित तिवारी ने कहा कि सड़कों की हालत अब बर्दाश्त से बाहर हो चुकी है। स्कूली बच्चे गिरकर चोटिल हो रहे हैं, बुजुर्गों और महिलाओं को आवागमन में परेशानी हो रही है। मरीजों को अस्पताल पहुंचने में देरी हो रही है, वहीं दोपहिया वाहन चालक रोज दुर्घटना के खतरे के बीच सफर करने को मजबूर हैं।

नागरिक सुरक्षा मंच ने शहर के विभिन्न वार्डों का दौरा कर सड़कों की स्थिति का जायजा लिया। मंच का कहना है कि यह किसी एक वार्ड या मोहल्ले की समस्या नहीं, बल्कि पूरे बिलासपुर की बदहाल व्यवस्था का नतीजा है। करोड़ों रुपये खर्च होने के बावजूद सड़कें बारिश का सामना नहीं कर पा रही हैं। ऐसे में सड़क निर्माण की गुणवत्ता और निगरानी व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े हो रहे हैं।

मंच ने मांग की है कि नगर निगम पूरे शहर की खराब सड़कों का वार्डवार सर्वे कर तीन दिन के भीतर सूची सार्वजनिक करे। पिछले तीन वर्षों में सड़क निर्माण और मरम्मत पर खर्च राशि, संबंधित ठेकेदारों के नाम और गुणवत्ता जांच रिपोर्ट भी जनता के सामने रखी जाए। मुख्य मार्गों के गड्ढों को तत्काल भरा जाए और स्थायी डामरीकरण का काम शुरू किया जाए। घटिया निर्माण के लिए जिम्मेदार ठेकेदारों और अधिकारियों पर कार्रवाई की मांग भी की गई है।

एक सप्ताह में काम शुरू,नहीं तो सड़क पर उतरेंगे

नागरिक सुरक्षा मंच ने प्रशासन और नगर निगम को एक सप्ताह का अल्टीमेटम देते हुए चेतावनी दी है कि यदि शहर की सड़कों पर सुधार का काम शुरू नहीं हुआ, तो मंच के बैनर तले शांतिपूर्ण जनआंदोलन और ‘सड़क सत्याग्रह’ शुरू किया जाएगा। मंच ने इसके लिए प्रशासन और नगर निगम को जिम्मेदार ठहराया है।

— अमित तिवारी, संयोजक, नागरिक सुरक्षा मंच, बिलासपुर