जबलपुर..मध्य प्रदेश के जबलपुर जिले में शनिवार शाम एक भयावह सड़क हादसे ने हर किसी को झकझोर कर रख दिया। बरेला थाना क्षेत्र में शारदा मंदिर और मंगलायतन यूनिवर्सिटी के पास एक स्कॉर्पियो वाहन हाईवा से टकराने के बाद आग की लपटों में घिर गया। कुछ ही मिनटों में वाहन आग का गोला बन गया और उसमें सवार दो लोग जिंदा जल गए।

पुलिस के अनुसार हरियाणा नंबर की स्कॉर्पियो मंडला से जबलपुर की ओर आ रही थी। प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि ढलान वाले हिस्से में चालक ने हाईवा को ओवरटेक करने की कोशिश की। इसी दौरान स्कॉर्पियो की हाईवा से जोरदार टक्कर हो गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि वाहन काफी दूर तक घिसटता चला गया और अचानक उसमें आग लग गई।

देखते ही देखते आग ने पूरी स्कॉर्पियो को अपनी चपेट में ले लिया। आसपास मौजूद लोगों ने वाहन में फंसे लोगों को बचाने और आग बुझाने की कोशिश की, लेकिन आग की तीव्रता इतनी अधिक थी कि कोई भी वाहन के करीब नहीं पहुंच सका।

सूचना मिलते ही बरेला थाना पुलिस, प्रशासनिक अमला और दमकल की टीम मौके पर पहुंची। आग पर काबू पाने के बाद वाहन से दो शव बरामद किए गए। मृतकों की पहचान हरियाणा के रोहतक निवासी मोनू शर्मा और प्रवीण शर्मा के रूप में हुई है। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार दोनों रायपुर से अपने गृह नगर रोहतक लौट रहे थे।

बरेला थाना प्रभारी संगीता सिंह ने बताया कि शुरुआती जांच में हादसे की वजह तेज रफ्तार और ढलान वाले क्षेत्र में किया गया जोखिम भरा ओवरटेक माना जा रहा है। पुलिस ने मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है। सड़क की स्थिति, वाहन की गति और अन्य तकनीकी पहलुओं की भी पड़ताल की जा रही है।