बिलासपुर… बेलतरा विधानसभा क्षेत्र स्थित सड़क चौड़ीकरण की राह में छात्रावास की जमीन ही सबसे आसान निशाना बन गई या फिर जमीन के पूरे खेल में कहीं कोई और गणित काम कर रहा था? सरकंडा में साइंस कॉलेज के सामने से चाटीडीह की सब्जी मंडी को जोड़ने वाली सड़क का विवाद अब इसी सवाल पर आकर टिक गया है। एक तरफ सरकारी छात्रावास और आदिवासी प्रशिक्षण केंद्र की जमीन पर जेसीबी चलने के आरोप हैं, दूसरी तरफ सड़क के दूसरे हिस्से में मौजूद शासकीय जमीन पर कथित कब्जों और प्रभावशाली लोगों की भूमिका को लेकर सवाल उठते रहे हैं। लगातार खबरों, शिकायत और छात्रों के विरोध के बाद अब जिला प्रशासन ने सरकारी और निजी जमीनों की सीमाएं तय करने का आदेश जारी किया है।

कलेक्टर कार्यालय की भू-अभिलेख शाखा से 24 नवंबर को जारी आदेश के अनुसार ग्राम चाटीडीह में शासकीय खसरा नंबर 561/4 के साथ उससे लगी निजी जमीन खसरा नंबर 560 और 559 सहित अन्य संलग्न भूमियों का सीमांकन किया जाएगा। इसके लिए राजस्व और नगर निगम के अधिकारियों-कर्मचारियों की दस सदस्यीय जांच टीम गठित की गई है। टीम को दो दिन के भीतर जांच प्रतिवेदन प्रस्तुत करने के निर्देश दिए गए हैं।

छात्रावास की जमीन पर चली जेसीबी

इस पूरे मामले की पड़ताल के दौरान सामने आया था कि सड़क चौड़ीकरण के लिए शासकीय छात्रावास की करीब 15 से 20 फीट जमीन प्रभावित की जा रही है। सड़क के एक तरफ अनुसूचित जाति बालक आश्रम, अन्य पिछड़ा वर्ग क्रीड़ा परिसर, शासकीय पोस्ट मैट्रिक बालक एवं बालिका छात्रावास और आदिवासी प्रशिक्षण केंद्र स्थित हैं। आरोप है कि चौड़ीकरण के लिए संस्थानों की जमीन पर जेसीबी चलाई गई, जबकि सड़क की दूसरी तरफ मौजूद शासकीय जमीन के इस्तेमाल को लेकर गंभीर सवाल बने रहे। वहां प्रभावशाली लोगों के कथित कब्जों और बची हुई सरकारी जमीन पर भू-माफिया की नजर होने की शिकायतें भी सामने आईं। जमीन के इस पूरे घटनाक्रम में विभागीय मिलीभगत की आशंका ने विवाद को और गंभीर बना दिया।

 छात्रों के विरोध तक पहुंचा मामला

इस मामले में 26 अक्टूबर को शिकायत की गई थी। इसके बावजूद सड़क निर्माण और जमीन की वास्तविक सीमा को लेकर स्थिति स्पष्ट नहीं हुई। छात्रावास में रहने वाले बच्चों की जमीन और संस्थानों के हितों को लेकर सवाल उठते रहे। दो दिन पहले छात्रों ने भी मौके पर पहुंचकर विरोध दर्ज कराया। इसके बाद अब प्रशासन ने मौके पर सरकारी और निजी जमीनों का संयुक्त सीमांकन कराने का आदेश जारी किया है।

सरकारी जमीन का नक्शा ही नहीं मिला

प्रशासन के आदेश में दर्ज निरीक्षण का एक तथ्य खासा महत्वपूर्ण है। 24 नवंबर को अतिरिक्त कलेक्टर ने राजस्व और नगर निगम के अमले के साथ निर्माणाधीन सड़क का मौका निरीक्षण किया। निरीक्षण में शासकीय भूमि खसरा नंबर 561/4 पर अनुसूचित जाति बालक आश्रम, अन्य पिछड़ा वर्ग क्रीड़ा परिसर, शासकीय पोस्ट मैट्रिक बालक एवं बालिका छात्रावास और परीक्षा पूर्व प्रशिक्षण केंद्र का उल्लेख किया गया है। लेकिन इसी शासकीय जमीन का रकबा नक्शा मौके पर उपलब्ध नहीं पाया गया।

यानी जिस सरकारी जमीन पर कई शासकीय संस्थान मौजूद हैं, उसकी वास्तविक सीमा का नक्शा ही मौके पर उपलब्ध नहीं था। ऐसे में सड़क चौड़ीकरण के दौरान जमीन की सीमा और उपलब्धता किस आधार पर तय की गई, यह सवाल और महत्वपूर्ण हो जाता है। प्रशासन ने इसी स्थिति को देखते हुए खसरा नंबर 561/4 के साथ निजी जमीन खसरा नंबर 560, 559 और अन्य संलग्न भूमियों का सीमांकन कराने का निर्णय लिया है।

 दस सदस्यीय टीम की जांच 

सीमांकन एवं चिह्नांकन के लिए अनुविभागीय अधिकारी राजस्व आकांक्षा त्रिपाठी और नगर निगम के अपर आयुक्त खजांची कुमार के नेतृत्व में जांच दल गठित किया गया है। आदेश में शामिल सदस्यों के नामसमर्थ धवाइत – नायब तहसीलदार, तहसील बिलासपुर।पीयूष दिवान – सहायक अधीक्षक, भू-अभिलेख शाखा बिलासपुर। परमेश्वर साहू – राजस्व निरीक्षक, राजस्व निरीक्षक मंडल सरकंडा। अनंत सुशील एक्का – राजस्व निरीक्षक, राजस्व निरीक्षक मंडल सिरगिट्टी। रमन छाबड़ा – उप अभियंता, नगर निगम बिलासपुर। जुगल किशोर सिंह – उप अभियंता, नगर निगम बिलासपुर। हरीश जैन – पटवारी, नगर निगम बिलासपुर। रूपेश गुरुदीवान – पटवारी, ग्राम चाटीडीह, तहसील बिलासपुर। विकास जायसवाल – पटवारी, ग्राम सरकंडा, तहसील बिलासपुर। पराग महिलाने – पटवारी, ग्राम बिरकोना, तहसील बिलासपुर हैं ।

आदेश में जांच दल को दो दिन के भीतर प्रतिवेदन प्रस्तुत करने को कहा गया है।