बिलासपुर/चकरभाठा…सार्वजनिक स्थानों पर शराबखोरी और ढाबों में अवैध रूप से शराब परोसने वालों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत चकरभाठा पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। ढाबा चेकिंग के दौरान पुलिस ने बालाजी ढाबा में शराब सेवन की सुविधा उपलब्ध कराते संचालक को पकड़ा, वहीं मौके पर शराब पी रहे पांच लोगों के खिलाफ भी आबकारी अधिनियम के तहत कार्रवाई की गई।

पुलिस के अनुसार 12 जून को चलाए गए विशेष चेकिंग अभियान के दौरान बालाजी ढाबा, चकरभाठा में दबिश दी गई। जांच में पाया गया कि ढाबा संचालक अशोक जोतवानी ग्राहकों को अवैध रूप से शराब सेवन की सुविधा उपलब्ध करा रहा था। मौके पर पांच युवक सार्वजनिक स्थान पर शराब पीते मिले, जिन्हें पुलिस ने घेराबंदी कर पकड़ लिया।

कार्रवाई के दौरान हर्ष श्रीवास उसलापुर, अभिषेक कुमार सिंह यदुनंदन नगर, राजीव दुबे बोदरी, मयंक सिंह यदुनंदन नगर और बिट्टू कौशिक बोदरी को शराब सेवन करते पकड़ा गया। सभी के खिलाफ आबकारी अधिनियम की धारा 36(च) के तहत कार्रवाई की गई। ढाबा संचालक अशोक जोतवानी के विरुद्ध धारा 36(ग) के तहत प्रकरण दर्ज किया गया।

चकरभाठा पुलिस का कहना है कि ढाबों और होटलों में अवैध रूप से शराब परोसने अथवा सेवन की सुविधा देने वालों के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा। पुलिस ने नागरिकों से भी अपील की है कि ऐसे किसी भी अवैध कृत्य की सूचना तत्काल थाना अथवा डायल-112 पर दें।