आग ने उजाड़ा पण्डो परिवार का आशियाना, अनाज की पूरी पूंजी राख
चूना पाथर में देर रात हादसा, सोते परिवार को गांव वालों ने बचाया

रामानुजगंज… ( पृथ्वी लाल केशरी)…जनपद पंचायत रामचंद्रपुर के ग्राम पंचायत चूना पाथर में देर रात लगी आग ने एक पण्डो परिवार का आशियाना पूरी तरह उजाड़ दिया। रात करीब 11 बजे पुरनलाल पण्डो के घर में अचानक आग भड़क उठी और देखते ही देखते पूरा मकान लपटों में घिर गया।
घटना के समय पुरनलाल पण्डो अपने परिवार के साथ घर के अंदर सो रहे थे। आग धीरे-धीरे फैलती हुई जब बिस्तर तक पहुंची और अंगारे गिरने लगे, तब रजवंती पण्डो की नींद खुली। उन्होंने तुरंत परिवार को जगाया और मदद के लिए शोर मचाया। आवाज सुनकर गांव के लोग मौके पर पहुंचे और किसी तरह परिवार के सभी सदस्यों को सुरक्षित बाहर निकाला, लेकिन तब तक आग पूरे घर को अपनी चपेट में ले चुकी थी।
इस आगजनी में घर में रखा लगभग 10 बोरी धान, 8 बोरी गेहूं और 4 से 5 बोरी सरसों जलकर राख हो गया। यही अनाज परिवार की सालभर की जमा पूंजी था, जो कुछ ही देर में खत्म हो गया।
ग्रामीणों के मुताबिक पुरनलाल पण्डो के परिवार में पत्नी, बहन और भाई सहित कुल पांच सदस्य रहते हैं। पिता का पहले ही निधन हो चुका था और यह मकान बड़ी मुश्किल से खड़ा किया गया था। अब इस हादसे के बाद पूरा परिवार बेघर हो गया है और उनके सामने जीवनयापन का संकट खड़ा हो गया है।
आग लगने के कारणों को लेकर फिलहाल स्थिति स्पष्ट नहीं है, लेकिन शुरुआती तौर पर शॉर्ट सर्किट की आशंका जताई जा रही है। प्रशासनिक जांच के बाद ही वास्तविक वजह सामने आएगी।
घटना के बाद गांव में सहानुभूति के साथ-साथ यह सवाल भी उठ रहा है कि अचानक आई इस आपदा के बाद प्रभावित परिवार को तत्काल राहत कैसे और कब मिलेगी।





