weather today- तेज गर्मी, उमस और हीटवेव से राहत..बदला मौसम..कई जिलों में बारिश-ओले

weather today/जयपुर। तेज गर्मी, उमस और हीटवेव से जूझ रहे राजस्थान के लोगों को शनिवार को आंशिक राहत मिली। पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से सीकर, बीकानेर, राजसमंद, फलोदी और अलवर समेत कई जिलों में हल्की बारिश और ओलावृष्टि हुई। हालांकि, राज्य के अधिकांश हिस्सों में गर्मी का असर अभी भी बरकरार है।
मौसम विज्ञान केन्द्र जयपुर के अनुसार अगले तीन दिनों तक इस सिस्टम का असर बना रहेगा। कई स्थानों पर आंधी, बारिश और ओले गिरने की संभावना जताते हुए अलर्ट जारी किया गया है। फिलहाल दो जिलों में बारिश का येलो अलर्ट और 13 जिलों में हीटवेव का येलो अलर्ट है।
इस बीच बाड़मेर में अधिकतम तापमान 45.7 डिग्री सेल्सियस मापा गया, जो राज्य में सबसे अधिक रहा। वहीं जयपुर में सीजन की सबसे गर्म रात रही, जहां न्यूनतम तापमान सामान्य से 7.4 डिग्री अधिक 31.4 डिग्री रहा।
अलवर में शाम को बादल छाने के बावजूद गर्मी और उमस से राहत नहीं मिली। अधिकतम तापमान 41.8 डिग्री रहा और हीटवेव का असर जारी है।
सीकर में धूप के बीच अचानक बारिश होने से लोगों को राहत मिली। अधिकतम तापमान 40.5 डिग्री रहा।
अजमेर में तेज गर्मी और लू से लोग दिनभर परेशान रहे। अधिकतम तापमान 41.6 डिग्री मापा गया। जोधपुर में सुबह से तेज धूप रही, हालांकि शाम को हल्की हवा से थोड़ी राहत मिली। अधिकतम तापमान 44.4 डिग्री रहा। उदयपुर में तापमान बढ़कर 42 डिग्री पहुंच गया, जो इस सीजन का सबसे अधिक है।
मौसम विभाग के अनुसार आने वाले दिनों में राजस्थान में मौसम में उतार-चढ़ाव जारी रहेगा। कहीं आंधी-बारिश राहत देगी, तो कई जिलों में हीटवेव का असर बना रहेगा।





