LIVE UPDATE
Chhattisgarh

महुआ बीनने गयी, करंट से मौत, जंगल किनारे झुलसा शव मिला

नवाडीह में सुबह-सुबह हादसा, अवैध बिजली तार बिछाने की आशंका

रामानुजगंज…( पृथ्वी लाल केशरी) जनपद पंचायत रामचंद्रपुर के ग्राम पंचायत नवाडीह में महुआ बीनने गई एक महिला की करंट की चपेट में आने से मौत हो गई। जंगल किनारे मोरनियापारा स्थित कोड़ाकू समाज की बस्ती के पास महिला का झुलसा हुआ शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई।

ग्रामीणों के मुताबिक मृतका की पहचान लगभग 50 वर्षीय सुकेशी कोड़ाकू के रूप में हुई है, जो रामसाय कोड़ाकू की पत्नी थीं। सुबह करीब 5 बजे वह रोज की तरह महुआ बीनने के लिए घर से निकली थीं, लेकिन कुछ ही समय बाद उनका झुलसा हुआ शव जंगल किनारे पड़ा मिला।

सूचना मिलते ही त्रिकुंडा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा। प्रारंभिक जांच में मामला हाई वोल्टेज करंट से जुड़ा नजर आ रहा है। आशंका जताई जा रही है कि जंगली जानवरों या सूअरों के शिकार के लिए अवैध रूप से बिछाए गए बिजली के तार की चपेट में आने से यह हादसा हुआ।

पुलिस इस बात की भी पड़ताल कर रही है कि घटना के बाद तारों को हटाया गया या नहीं। पूरे घटनाक्रम की जांच जारी है और रिपोर्ट के बाद ही स्थिति साफ होगी।

घटना के बाद गांव में मातम पसरा है। परिवार के लोगों का रो-रोकर बुरा हाल है और ग्रामीणों में इस तरह के अवैध और खतरनाक तरीकों को लेकर गहरी नाराजगी भी देखने को मिल रही है।

Bhaskar Mishra

पत्रकारिता के क्षेत्र में लगभग 16 साल का अनुभव।विभिन्न माध्यमों से पत्रकारिता के क्षेत्र मे काम करने का अवसर मिला।यह प्रयोग अब भी जारी है।कॉलेज लाइफ के दौरान से पत्रकारिता से गहरा जुड़ाव हुआ।इसी दौरान दैनिक समय से जुडने का अवसर मिला।कहानी,कविता में विशेष दिलचस्पी ने पहले तो अधकचरा पत्रकार बनाया बाद में प्रदेश के वरिष्ठ और प्रणम्य लोगों के मार्गदर्शन में संपूर्ण पत्रकारिता की शिक्षा मिली। बिलासपुर में डिग्री लेने के दौरान दैनिक भास्कर से जु़ड़ा।2005-08 मे दैनिक हरिभूमि में उप संपादकीय कार्य किया।टूडे न्यूज,देशबन्धु और नवभारत के लिए रिपोर्टिंग की।2008- 11 के बीच ईटीवी हैदराबाद में संपादकीय कार्य को अंजाम दिया।भाग दौड़ के दौरान अन्य चैनलों से भी जुडने का अवसर मिला।2011-13 मे बिलासपुर के स्थानीय चैनल ग्रैण्ड न्यूज में संपादन का कार्य किया।2013 से 15 तक राष्ट्रीय न्यूज एक्सप्रेस चैनल में बिलासपुर संभाग व्यूरो चीफ के जिम्मेदारियों को निभाया। 1998-2000 के बीच आकाशवाणी में एनाउँसर-कम-कम्पियर का काम किया।वर्तमान में www.cgwall.com वेबपोर्टल में संपादकीय कार्य कर रहा हूं।
Back to top button
close