CG news: महिला आरक्षण पर सियासत: कांग्रेस का भाजपा पर राजनीतिक लाभ लेने का आरोप

CG news।खैरागढ़ में महिला आरक्षण को लेकर राजनीतिक बयानबाजी तेज हो गई है। शनिवार को विधायक यशोदा नीलांबर वर्मा के निवास पर कांग्रेस द्वारा आयोजित पत्रकार वार्ता में भाजपा पर महिला आरक्षण विधेयक को लेकर राजनीतिक लाभ लेने का आरोप लगाया गया।
इस दौरान पूर्व विधायक छन्नी साहू ने कहा कि भाजपा महिला आरक्षण के नाम पर भ्रम फैलाने का काम कर रही है। उन्होंने बताया कि महिला आरक्षण विधेयक वर्ष 2023 में पहले ही पारित हो चुका है और अब इसे चुनाव से पहले उठाना केवल राजनीतिक फायदे के लिए किया जा रहा है।
उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि परिसीमन के लिए 2011 की जनगणना को आधार बनाकर इसे अपने पक्ष में ढालने की कोशिश की जा रही है, जिसका भविष्य में नकारात्मक असर पड़ सकता है।
कांग्रेस नेताओं ने दावा किया कि पंचायत और नगरीय निकायों में महिला आरक्षण की शुरुआत कांग्रेस सरकारों की देन है।
भाजपा पर आरोप लगाते हुए कहा गया कि वह महिलाओं को भ्रमित कर अपने राजनीतिक हित साधने की कोशिश कर रही है। इस दौरान नरेंद्र मोदी पर भी निशाना साधते हुए कहा गया कि यदि भाजपा वास्तव में महिलाओं के सशक्तिकरण के प्रति गंभीर है, तो उसे शीर्ष पदों पर महिलाओं को आगे लाना चाहिए।
कांग्रेस ने यह भी कहा कि देश में पहली महिला प्रधानमंत्री, राष्ट्रपति और लोकसभा अध्यक्ष कांग्रेस शासनकाल में ही बनीं। केंद्र सरकार पर आरोप लगाते हुए कहा गया कि महिला आरक्षण विधेयक को सामान्य संसदीय सत्र में न लाकर विशेष सत्र में पेश करना भी राजनीतिक रणनीति का हिस्सा था।
इसके अलावा, महिला एवं बाल विकास से जुड़े मुद्दों को उठाते हुए आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं को दिए गए संसाधनों की गुणवत्ता पर भी सवाल खड़े किए गए।





