रामानुजगंज… विशेष पिछड़ी जनजाति पण्डो समुदाय के बच्चों की शिक्षा को मजबूती देने की दिशा में रामचंद्रपुर विकासखंड को तीन नए प्री-मैट्रिक छात्रावासों की सौगात मिली है। वर्ष 2026-27 के लिए स्वीकृत इन छात्रावासों में कुल 150 विद्यार्थियों के रहने और पढ़ने की व्यवस्था होगी। क्षेत्र के विधायक एवं कैबिनेट मंत्री रामविचार नेताम ने इसे दूरस्थ वनांचल के विद्यार्थियों तक बेहतर आवासीय शिक्षा पहुंचाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम बताया है।

शासन के आदेश के अनुसार रामानुजगंज में एक प्री-मैट्रिक पण्डो कन्या छात्रावास तथा रामानुजगंज और डिंडो में एक-एक प्री-मैट्रिक पण्डो बालक छात्रावास संचालित होंगे। प्रत्येक छात्रावास में 50 विद्यार्थियों के प्रवेश की व्यवस्था रहेगी। नियमित भवन बनने तक इनका संचालन पहले से संचालित छात्रावासों के भवनों में वैकल्पिक रूप से किया जाएगा, ताकि नए सत्र में पढ़ाई प्रभावित न हो।

कन्या छात्रावास का संचालन फिलहाल उड़ान संस्था के भवन से होगा। वहीं रामानुजगंज के बालक छात्रावास का संचालन पोस्ट मैट्रिक बालक छात्रावास परिसर तथा डिंडो के छात्रावास का संचालन प्री-मैट्रिक बालक छात्रावास डिंडो के भवन से किया जाएगा। इसके लिए संबंधित अधीक्षकों की जिम्मेदारी भी तय कर दी गई है।

मंत्री रामविचार नेताम ने कहा कि विशेष पिछड़ी जनजाति के बच्चों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा उपलब्ध कराना सरकार की प्राथमिकता है। छात्रावासों की सुविधा मिलने से दूर-दराज़ के गांवों के विद्यार्थियों को सुरक्षित आवासीय वातावरण मिलेगा, पढ़ाई में निरंतरता आएगी और उन्हें बेहतर शैक्षणिक अवसर प्राप्त होंगे।

इच्छुक पण्डो जनजाति के विद्यार्थी प्रवेश के लिए संबंधित छात्रावास के अधीक्षक से संपर्क कर सकते हैं। यह व्यवस्था नए शैक्षणिक सत्र से लागू होगी।