बिलासपुर…शहर में दुपहिया वाहन चोरी की लगातार हो रही घटनाओं के बीच सरकंडा पुलिस ने एक संगठित गिरोह का खुलासा किया है। पुलिस ने गिरोह के एक वयस्क सदस्य को गिरफ्तार किया है, जबकि एक विधि से संघर्षरत बालक को अभिरक्षा में लिया है। आरोपियों की निशानदेही पर शहर के अलग-अलग थाना क्षेत्रों से चोरी किए गए चार दुपहिया वाहन बरामद हुए हैं। इनकी कुल कीमत करीब तीन लाख रुपये बताई गई है। गिरोह के चार अन्य सदस्य अभी फरार हैं, जिनकी तलाश की जा रही है।

मामले की शुरुआत 25 नवंबर को राजकिशोर नगर स्थित नेचुरल सैलून के सामने से होंडा एक्टिवा चोरी होने की शिकायत से हुई। टिकरापारा निवासी अमन सोनी ने अपनी एक्टिवा सुबह करीब 11.30 बजे सैलून के सामने खड़ी की थी। दोपहर करीब दो बजे लौटने पर वाहन गायब मिला। शिकायत पर सरकंडा थाने में धारा 303(2) बीएनएस में मामला दर्ज कर पुलिस ने जांच शुरू की।

वाहन चोरी की घटना के बाद पुलिस ने आसपास के सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले और मुखबिरों को सक्रिय किया। इसी दौरान मिले इनपुट के आधार पर पुलिस ने लक्की शर्मा उर्फ प्रिंस और एक विधि से संघर्षरत बालक को पकड़ा। पूछताछ में आरोपियों ने अपने अन्य साथियों शुभम साहू, राज चौहान, मंथन और जादू के साथ मिलकर शहर के अलग-अलग इलाकों से दुपहिया वाहन चोरी करने की बात स्वीकार की।

नंबर प्लेट हटाकर छिपाते पहचान

पुलिस के मुताबिक, गिरोह वाहन चोरी करने के बाद उनकी पहचान छिपाने के लिए आगे और पीछे की नंबर प्लेट निकालकर फेंक देता था। इसके बाद चोरी के वाहनों का खुद इस्तेमाल किया जाता था। आरोपियों की निशानदेही पर अटल आवास के पास छिपाकर रखे गए चार दुपहिया वाहन बरामद किए गए। इनमें राजकिशोर नगर से चोरी हुई होंडा एक्टिवा कीमत करीब 1.10 लाख रुपये, सिरगिट्टी मुक्तिधाम के सामने से चोरी हुई बजाज केटीएम एक लाख रुपये, कोतवाली क्षेत्र के हैप्पी स्ट्रीट से चोरी हुई हीरो स्प्लेंडर प्लस 50 हजार रुपये और तारबाहर स्थित जिला अस्पताल की पार्किंग से चोरी हुई होंडा एक्टिवा 40 हजार रुपये शामिल हैं।

चार अलग-अलग थाना क्षेत्रों से चोरी के वाहन बरामद होने के बाद पुलिस ने मामले में संगठित अपराध से संबंधित धारा 112 और धारा 3(5) बीएनएस भी जोड़ दी है। गिरफ्तार आरोपी लक्की शर्मा को न्यायिक रिमांड पर भेजा गया है। नाबालिग को किशोर न्याय बोर्ड के समक्ष पेश किया गया। पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार आरोपी के खिलाफ पहले भी चोरी और अन्य गंभीर अपराधों के मामले दर्ज हैं। गिरोह के फरार सदस्यों की तलाश जारी है।

इनकी भूमिका रही अहम

पुलिस उप महानिरीक्षक एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक रजनेश सिंह के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक शहर पंकज पटेल और नगर पुलिस अधीक्षक सरकंडा तिलेश्वर प्रसाद यादव के मार्गदर्शन तथा थाना प्रभारी नरेश कुमार चौहान के नेतृत्व में सरकंडा पुलिस ने यह कार्रवाई की।

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक रजनेश सिंह ने कहा शहर में वाहन चोरी की घटनाओं पर पुलिस की लगातार नजर है। संगठित रूप से वारदात करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जा रही है। इस मामले में चार चोरी के वाहन बरामद किए गए हैं। फरार आरोपियों की तलाश जारी है। ऐसे अपराधों में शामिल सभी लोगों की पहचान कर उनके विरुद्ध वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।