Education news।सिंगरौली। मध्यप्रदेश में मतदाता सूची के विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण-2027 का कार्य समय-सीमा में पूरा कराने के लिए शिक्षा विभाग ने महत्वपूर्ण निर्देश जारी किए हैं।

सिंगरौली जिले में बूथ लेवल ऑफिसर (BLO) के रूप में तैनात शिक्षकों और कर्मचारियों को 12 नवंबर से 11 दिसंबर 2026 तक शिक्षण एवं अन्य कार्यालयीन कार्यों से मुक्त रखने के निर्देश दिए गए हैं। इस अवधि में वे पूरी तरह निर्वाचन संबंधी दायित्वों का निर्वहन करेंगे।

जिला शिक्षा अधिकारी सिंगरौली की ओर से 26 नवंबर 2026 को जारी आदेश में जिले के सभी शासकीय प्राथमिक, माध्यमिक और हाईस्कूल एवं हायर सेकेंडरी स्कूलों के प्राचार्यों तथा प्रधानाध्यापकों को निर्देशित किया गया है कि उनके विद्यालयों में पदस्थ जिन शिक्षकों और कर्मचारियों की ड्यूटी BLO के रूप में लगाई गई है, उन्हें निर्धारित अवधि तक शिक्षण और अन्य कार्यालयीन कार्यों से मुक्त रखा जाए।

आदेश के अनुसार, भारत निर्वाचन आयोग द्वारा निर्वाचक नामावली के विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण-2027 के लिए निर्धारित कार्यक्रम के तहत जिले में मतदाता सूची के पुनरीक्षण का कार्य 12 नवंबर 2026 से 11 दिसंबर 2026 तक किया जाना है।

इस कार्य में लगाए गए BLO को निर्वाचन संबंधी जिम्मेदारियों का समय-सीमा में निष्ठा और तत्परता से निर्वहन करना होगा।

जिला शिक्षा अधिकारी ने स्पष्ट किया है कि संबंधित शिक्षकों और कर्मचारियों को शिक्षण एवं अन्य कार्यालयीन कार्यों से मुक्त रखना सुनिश्चित किया जाए, ताकि निर्वाचन कार्य प्रभावित न हो और निर्धारित समय में पूरा किया जा सके।

आदेश में स्कूल प्राचार्यों और प्रधानाध्यापकों को यह भी सुनिश्चित करने के लिए कहा गया है कि निर्वाचन कार्य के दौरान BLO को किसी प्रकार की बाधा का सामना न करना पड़े। उन्हें निर्वाचन संबंधी दायित्वों के निर्वहन के लिए आवश्यक सहयोग और सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएं।