रायपुर। प्रदेश में राजनीतिक दलों के साथ कर्मचारी संगठन भी अपनी मांगों को लेकर सक्रिय होने लगे हैं। इसी कड़ी में छत्तीसगढ़ प्रदेश संयुक्त शिक्षक संघ की प्रबंध कार्यकारिणी का प्रांतीय अधिवेशन रविवार, 29 नवंबर  को रायपुर के एडमिरल हॉल में आयोजित हुआ। अधिवेशन में पूर्व सेवा की गणना, वेतन विसंगति, पुरानी पेंशन, शिक्षक पात्रता परीक्षा (टेट) की अनिवार्यता और पदोन्नति सहित शिक्षकों से जुड़े कई महत्वपूर्ण मुद्दों पर चर्चा की गई। इन मांगों को लेकर चरणबद्ध आंदोलन चलाने का प्रस्ताव पारित किया गया।

 

द्विसत्रीय अधिवेशन की अध्यक्षता संघ के प्रांताध्यक्ष केदार जैन ने की। इसमें प्रांतीय पदाधिकारियों के साथ पांचों संभागों के अध्यक्ष, जिला अध्यक्ष, विकासखंड अध्यक्ष, जिला पदाधिकारी और महिला प्रकोष्ठ के पदाधिकारी बड़ी संख्या में शामिल हुए।

 

अधिवेशन में वक्ताओं ने कहा कि शिक्षकों की लंबित मांगों के निराकरण के लिए संगठन को एकजुट होकर निर्णायक पहल करनी होगी। पदाधिकारियों ने जमीनी स्तर पर शिक्षकों को आ रही समस्याओं, उनके समाधान और आगे की संगठनात्मक रणनीति पर अपने विचार रखे।

 

प्रांताध्यक्ष केदार जैन ने कहा कि ऐसे अधिवेशन संगठन और शिक्षकों के बीच संवाद का महत्वपूर्ण माध्यम हैं। इससे जमीनी स्तर की समस्याएं सीधे नेतृत्व तक पहुंचती हैं और उनके समाधान के लिए प्रभावी रणनीति बनाने में मदद मिलती है। उन्होंने कहा कि शिक्षकों की एकजुटता और संगठन की सफलता उनकी प्राथमिकता है। प्रदेश के सभी शिक्षक एकजुट होकर अपनी मांगों के लिए संगठित प्रयास करें।

 

अधिवेशन में संघ की शासन स्तर पर मान्यता के लिए प्रभावी पहल करने, सदस्यता अभियान चलाने और संगठन का विस्तार निर्धारित समय सीमा में पूरा करने का भी प्रस्ताव पारित किया गया।

 

अधिवेशन में पारित प्रस्ताव के अनुसार 5 से 10 दिसंबर  के बीच प्रदेश के सभी विधायकों को शिक्षकों की मांगों से संबंधित ज्ञापन सौंपा जाएगा। इसके बाद 15 दिसंबर को जिला कलेक्टरों के माध्यम से मुख्यमंत्री, स्कूल शिक्षा मंत्री, शिक्षा सचिव और लोक शिक्षण संचालनालय के संचालक के नाम ज्ञापन दिया जाएगा। आंदोलन को आगे बढ़ाते हुए 1 से 30 जनवरी 2027 के बीच प्रदेश के सभी विकासखंडों में सम्मेलन और संगठनात्मक कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। इसके माध्यम से शिक्षकों को आंदोलन से जोड़ने और लंबित मांगों को लेकर व्यापक समर्थन तैयार करने की रणनीति बनाई गई है।

 

अधिवेशन में पारित प्रस्तावों में सबसे प्रमुख मांग शिक्षाकर्मी के रूप में की गई पूर्व सेवा की गणना कर पुरानी पेंशन का लाभ देने और वेतन विसंगति का निराकरण करने की है। इसके अलावा शिक्षकों के लिए टेट की अनिवार्यता समाप्त करने अथवा परीक्षा के लिए पर्याप्त अवसर देने की मांग रखी गई। संघ ने विभागीय ब्रिज कोर्स के माध्यम से बीएड की व्यवस्था करने, VSK ऑनलाइन उपस्थिति के लिए शासन की ओर से शिक्षकों को आवश्यक डिवाइस उपलब्ध कराने और ऑनलाइन उपस्थिति को लेकर शिक्षकों में बने भय के वातावरण को समाप्त करने की मांग भी उठाई। इसके साथ ही सभी स्तरों पर पदोन्नति के लिए नियमित कैलेंडर निर्धारित करने और तय समय पर पदोन्नति प्रक्रिया पूरी करने की मांग की गई। इन सभी मुद्दों को लेकर शासन के समक्ष संगठित तरीके से अपनी बात रखने और मांगों के निराकरण तक चरणबद्ध कार्यक्रम जारी रखने पर सहमति बनी।

 

अधिवेशन में प्रांताध्यक्ष केदार जैन, कार्यकारी प्रांताध्यक्ष ओमप्रकाश बघेल, महिला प्रकोष्ठ की प्रांताध्यक्ष श्रीमती ममता खालसा, प्रदेश उपाध्यक्ष गिरजा शंकर शुक्ला, अर्जुन रत्नाकर, नरोत्तम चौधरी, सोहन यादव, रूपानंद पटेल, हरीश सिन्हा, विजय राव, सुभाष शर्मा, ताराचंद जायसवाल, अमित दुबे, कमलेश गावड़े, ओमप्रकाश पाण्डेय और शिवराज ठाकुर शामिल हुए।

 

संभाग अध्यक्षों में बिलासपुर संभाग से मोहन लहरी, रायपुर संभाग से गोपेश साहू, दुर्ग संभाग से विनोद गुप्ता, बस्तर संभाग से यशवंत देवांगन और सरगुजा संभाग से राकेश शुक्ला उपस्थित रहे।

 

इसके अलावा देवंती पैकरा, जय श्री जायसवाल और सुधा वर्मा सहित जिला अध्यक्षों तथा जिला पदाधिकारियों में संतोष टांडे, सचिन त्रिपाठी, विकास सिंह, चोक लाल पटेल, प्रदीप साहू, धनुक वर्मा, कमल वैष्णव, विजय धृतलहरे, श्यामाचरण डनसेना, श्रवण मरकाम, अशोक गोटे, शैलेंद्र मिश्रा, श्रीमती रीता श्रीवास्तव, पंकज पटनायक, कौशल पटेल, सुरेन्द्र पटनायक, पंचराम साहू, रामदेव कौशिक, रोशन हिरवानी, अशोक मिर्धा, उमेद गोटीक, रामदास गंधर्व, संतोष ठाकुर, देवेश साहू, राखी मौर्य, कौशल्या साहनी और संध्या अवसरिया सहित बड़ी संख्या में संगठन के पदाधिकारी उपस्थित रहे।