Teacher recruitment :रायपुर। लोक शिक्षण संचालनालय के अंतर्गत व्याख्याता के 854 पदों पर भर्ती के लिए छत्तीसगढ़ कर्मचारी चयन मंडल द्वारा 29 नवंबर को लिखित परीक्षा आयोजित की जा रही है।

परीक्षा का समय सुबह 10ः00 बजे से दोपहर 12ः15 बजे तक निर्धारित किया गया है। परीक्षा में शामिल होने वाले अभ्यर्थियों के लिए मंडल ने कई महत्वपूर्ण दिशा-निर्देश जारी किए हैं, जिनका पालन करना अनिवार्य है।

Teacher recruitment :छत्तीसगढ़ कर्मचारी चयन मंडल के निर्देशों के अनुसार, परीक्षार्थियों को परीक्षा केंद्र पर निर्धारित समय से कम से कम दो घंटे पूर्व पहुंचना होगा। ऐसा इसलिए ताकि मूल पहचान पत्र से उम्मीदवारों की सही पहचान की जा सके। परीक्षा प्रारंभ होने के 30 मिनट पहले परीक्षा केंद्र का मुख्य द्वार बंद कर दिया जाएगा, जिसके बाद किसी भी स्थिति में प्रवेश नहीं दिया जाएगा।

मूल पहचान पत्र जैसे- आधार कार्ड, वोटर आईडी, पैन कार्ड आदि लाना अनिवार्य है। बिना मूल फोटोयुक्त पहचान पत्र के परीक्षा केंद्र में प्रवेश की अनुमति नहीं दी जाएगी।

Teacher recruitment :परीक्षाार्थियों को आयोग द्वारा तय किए गए ड्रेस कोड का सख्ती से पालन करना होगा। परीक्षार्थियों को हल्के रंग के आधी बांह वाले कपड़े पहनकर आना होगा। काले, गहरे नीले, गहरे हरे, जामुनी, मैरून, बैगनी और गहरे चॉकलेटी रंग के कपड़े पहनना पूरी तरह से वर्जित है।ठंड के मौसम को ध्यान रखते हुए केवल साधारण स्वेटर बिना पॉकेट के पहनने की अनुमति होगी।

परीक्षार्थियों को जूतों के स्थान पर केवल चप्पल पहनकर आना होगा। कान में किसी भी प्रकार का आभूषण पहनना वर्जित है।

सभी अभ्यर्थियों को सलाह दी जाती है कि वे समय से घर से निकलें और तय किए गए नियमों का पूरी तरह पालन करते हुए ही परीक्षा केंद्र पहुंचें।बस्तर जिले में परीक्षा संचालन के लिए 15 केंद्र निर्धारित किए गए हैं। इनमें काकतीय पीजी कॉलेज, इंजीनियरिंग महाविद्यालय, दंतेश्वरी महिला महाविद्यालय, महारानी लक्ष्मीबाई स्कूल, बहुउद्देशीय स्कूल, सेजेस कन्या स्कूल-2, स्वामी आत्मानंद स्कूल धरमपुरा तथा स्वामी आत्मानंद स्कूल रेलवे कॉलोनी शामिल हैं।

इनके अलावा स्वामी विवेकानंद स्कूल आड़ावाल, पथरागुड़ा स्कूल, बाल विहार, निर्मल स्कूल, ढेबरीधूर कॉलेज और आसना स्कूल में भी केंद्र स्थापित किए गए हैं।