Teacher Suspend।छतरपुर। मध्यप्रदेश के छतरपुर जिले में ई-अटेंडेंस के निर्देशों की अवहेलना और नियमित रूप से स्कूल में उपस्थित नहीं रहने के मामले में जिला शिक्षा अधिकारी ने एक प्राथमिक शिक्षक को निलंबित कर दिया है।

मिली जानकारी मुताबिक विकासखंड बकस्वाहा के शासकीय प्राथमिक शाला कैरवारा में पदस्थ शिक्षक संजीव कुमार नरवरिया के खिलाफ यह कार्रवाई की गई है। निलंबन आदेश 25 नवंबर 2026 को जारी किया गया है।

Teacher suspend।जिला शिक्षा अधिकारी कार्यालय से जारी आदेश के अनुसार, विकासखंड शिक्षा अधिकारी बकस्वाहा के प्रतिवेदन और जांच रिपोर्ट में सामने आया कि शिक्षक संजीव कुमार नरवरिया को निर्देश दिए जाने के बावजूद वे ई-अटेंडेंस नहीं लगा रहे थे।

इसके अलावा वे नियमित रूप से विद्यालय में उपस्थित भी नहीं हो रहे थे। इस संबंध में वरिष्ठ कार्यालय के निर्देशों की अवहेलना किए जाने की बात भी सामने आई है।

आदेश में उल्लेख किया गया है कि शिक्षक के नियमित रूप से विद्यालय में उपस्थित नहीं होने और निर्देशों का पालन नहीं करने के कारण अनुविभागीय अधिकारी के समक्ष जनशिकायत भी सामने आई।

इसके बाद मामले में अनुशासनात्मक कार्रवाई प्रस्तावित की गई। विभागीय प्रतिवेदनों के आधार पर शिक्षक के आचरण और कर्तव्य निर्वहन में लापरवाही को गंभीर माना गया।

जिला शिक्षा अधिकारी ने आदेश में कहा है कि संबंधित शिक्षक का आचरण शासकीय सेवा के कर्तव्यों के प्रति उदासीन मानसिकता और लापरवाही को दर्शाता है। यह मध्यप्रदेश सिविल सेवा (आचरण) नियम 1965 के नियम 3 के प्रतिकूल पाया गया है।

मध्यप्रदेश सिविल सेवा (वर्गीकरण, नियंत्रण तथा अपील) नियम 1966 के नियम 9 में निहित प्रावधानों के तहत शिक्षक संजीव कुमार नरवरिया को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया है।

निलंबन अवधि के दौरान उनका मुख्यालय विकासखंड शिक्षा अधिकारी कार्यालय, राजनगर, जिला छतरपुर निर्धारित किया गया है। उन्हें नियमानुसार जीवन निर्वाह भत्ता प्राप्त करने की पात्रता होगी।