बिलासपुर…घर के बाहर परछी में पूरा परिवार सोता रहा और चोर कमरे में रखी आलमारी का ताला तोड़कर लाखों रुपये के जेवर समेट ले गए। खमतराई के सूर्यवंशी मोहल्ले में हुई इस चोरी का सरकंडा पुलिस ने खुलासा कर दिया है। पुलिस ने मुख्य आरोपी कुणाल ध्रुव सहित तीन लोगों को गिरफ्तार किया है। इनमें दो महिलाएं भी शामिल हैं। पुलिस का दावा है कि चोरी गए सोने और चांदी के सभी जेवर बरामद कर लिए गए हैं। चोरी में शामिल एक अन्य आरोपी अभी फरार है।

घटना 3 नवंबर 2026 की रात की है। खमतराई निवासी प्रार्थी अपने परिवार के साथ रात करीब आठ बजे खाना खाने के बाद घर की परछी में सो गए थे। परिवार के अन्य सदस्य भी वहीं थे। अगले दिन सुबह करीब 6.30 बजे जब बहू कमरे में पहुंची तो दरवाजे का सांकल खुला मिला। अंदर रखी आलमारी का ताला टूटा हुआ था। आलमारी में रखे सोने और चांदी के जेवर गायब थे। चोर सोने का मंगलसूत्र, माला, टाप्स, नथनी और पत्ता छाप माला सहित चांदी की पायल, करधन, बेनीफूल, बिछिया, चैन फांस, कंगन, लच्छा, अंगूठी और बाजूबंद लेकर फरार हो गए थे। शिकायत पर सरकंडा थाने में मामला दर्ज कर पुलिस ने जांच शुरू की।

मुख्य आरोपी ने खोला जेवर छिपाने का राज

पुलिस उप महानिरीक्षक एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक रजनेश सिंह के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक शहर पंकज पटेल और नगर पुलिस अधीक्षक सरकंडा तिलेश्वर प्रसाद यादव के मार्गदर्शन तथा थाना प्रभारी नरेश कुमार चौहान के नेतृत्व में पुलिस और सिविल टीम आरोपियों की तलाश में जुटी थी। इसी दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि खमतराई काली मंदिर के पास रहने वाला कुणाल ध्रुव चोरी के जेवर छिपाकर रखा है। पुलिस ने तत्काल उसके घर पर दबिश देकर उसे पकड़ लिया।

पूछताछ में कुणाल ने सूर्यवंशी मोहल्ले में चोरी करना स्वीकार किया। उसने पुलिस को बताया कि चोरी के सोने के जेवर ननची पटेल को और चांदी के जेवर दीपा चौहान तथा फरार देवराज चौहान को रखने के लिए दिए थे। जानकारी के आधार पर पुलिस ने ननची पटेल और दीपा चौहान को भी गिरफ्तार कर लिया। तीनों के कब्जे से चोरी के सोने और चांदी के जेवर बरामद कर जब्त किए गए। पुलिस ने मामले में धारा 317(2) बीएनएस भी जोड़ी है।

पहले से दर्ज चार आपराधिक मामले

गिरफ्तार मुख्य आरोपी कुणाल ध्रुव है। पुलिस के अनुसार, उसके खिलाफ पहले से चार आपराधिक प्रकरण दर्ज हैं। अन्य गिरफ्तार आरोपियों में दीपा चौहान और ननची पटेल हैं। तीनों को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उन्हें न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया गया है। मामले का एक अन्य आरोपी देवराज चौहान निवासी लिंगियाडीह फरार है। पुलिस उसकी तलाश कर रही है।