बिलासपुर… बिलासपुर पुलिस ने एक बार फिर अपनी उत्कृष्ट कार्यशैली का लोहा पूरे प्रदेश में मनवाया है। वर्ष 2025 में किए गए उल्लेखनीय कार्यों के आधार पर छत्तीसगढ़ शासन ने स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर बिलासपुर पुलिस को दो प्रतिष्ठित राज्य स्तरीय पुरस्कारों के लिए चयनित किया है। यह उपलब्धि न केवल जिले के लिए गौरव का विषय है, बल्कि यह भी दर्शाती है कि वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक रजनेश सिंह की कप्तानी में बिलासपुर पुलिस ने संवेदनशील, जवाबदेह और परिणाममुखी पुलिसिंग की नई पहचान बनाई है।

राज्य सरकार ने अनुसूचित जाति, अनुसूचित जनजाति, महिलाओं, बच्चों और समाज के कमजोर वर्गों के विरुद्ध होने वाले अपराधों की रोकथाम, त्वरित विवेचना और प्रभावी कार्रवाई के आधार पर वर्ष 2025 के लिए राज्य स्तरीय पुलिस पुरस्कार घोषित किए हैं। इनमें बिलासपुर के अजाक थाना को ‘शहीद वीर नारायण सिंह पुरस्कार’ तथा उप पुलिस अधीक्षक (अजाक) डी.आर. टंडन को ‘पुलिस महानिदेशक पुरस्कार’ से सम्मानित किया जाएगा।

अजाक थाना ने अनुसूचित जाति एवं जनजाति अत्याचार निवारण अधिनियम के मामलों में त्वरित विवेचना, संवेदनशील पुलिसिंग, प्रभावी कानूनी कार्रवाई और पीड़ितों को शीघ्र न्याय दिलाने के क्षेत्र में उल्लेखनीय कार्य किया। वहीं डीएसपी डी.आर. टंडन को अनुसंधान की गुणवत्ता, अपराध नियंत्रण, प्रभावी पर्यवेक्षण और कमजोर वर्गों की सुरक्षा के लिए किए गए उत्कृष्ट कार्यों के लिए यह सम्मान दिया जा रहा है।

बिलासपुर पुलिस की यह उपलब्धि ऐसे समय आई है, जब जिले में अपराध नियंत्रण, तकनीक आधारित अनुसंधान, त्वरित कार्रवाई और पीड़ित-केंद्रित पुलिसिंग को लगातार प्राथमिकता दी जा रही है। पुलिस मुख्यालय ने भी बिलासपुर पुलिस के कार्यों को राज्य स्तर पर सम्मान योग्य माना है। यह लगातार दूसरे वर्ष है जब बिलासपुर पुलिस को राज्य स्तरीय सम्मान प्राप्त हो रहा है।

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक रजनेश सिंह ने उपलब्धि पर कहा कि “यह सम्मान किसी एक अधिकारी या थाना का नहीं, बल्कि पूरे बिलासपुर पुलिस परिवार की निष्ठा, मेहनत और जनसेवा के प्रति समर्पण का सम्मान है। हमारी पूरी टीम ने कानून के प्रति संवेदनशीलता और निष्पक्षता के साथ कार्य किया है। यह पुरस्कार भविष्य में और बेहतर पुलिसिंग करने की जिम्मेदारी भी बढ़ाता है। बिलासपुर पुलिस जनता की सुरक्षा, अपराध नियंत्रण और कमजोर वर्गों को न्याय दिलाने के लिए पूरी प्रतिबद्धता के साथ कार्य करती रहेगी।”

एसएसपी रजनेश सिंह ने कहा कि बिलासपुर पुलिस की सफलता टीमवर्क, अनुशासन और जनता के सहयोग का परिणाम है। उन्होंने पुरस्कार प्राप्त करने वाले अधिकारियों और पूरी पुलिस टीम को बधाई देते हुए कहा कि यह सम्मान आगे भी उत्कृष्ट कार्य करने की प्रेरणा देगा।

15 अगस्त को स्वतंत्रता दिवस समारोह में इन पुरस्कारों का औपचारिक वितरण किया जाएगा। बिलासपुर पुलिस के लिए यह सम्मान केवल एक उपलब्धि नहीं, बल्कि पूरे जिले के लिए गर्व का विषय माना जा रहा है। यह साबित करता है कि उत्कृष्ट कार्य, संवेदनशील पुलिसिंग और प्रभावी नेतृत्व को राज्य स्तर पर भी उचित पहचान मिल रही है।