बिलासपुर…आदिवासियों के संवैधानिक और सामाजिक मुद्दों को लेकर अब आंदोलन की लड़ाई सीधे विधायकों के दरवाजे तक पहुंचने जा रही है। आदिवासी समाज का आरोप है कि उनके मूल मुद्दों को विधानसभा में अपेक्षित स्थान नहीं मिल रहा है। इसी नाराजगी के बीच अब विधायकों को उनके जनप्रतिनिधि होने की जिम्मेदारी याद दिलाने के लिए उनके निवास के सामने नगाड़ा बजाया जाएगा। प्रदेशव्यापी आंदोलन के तहत 1 दिसंबर को सभी 90 विधायकों के निवास पर प्रदर्शन करने का निर्णय लिया गया है। बिलासपुर जिले में भी आदिवासी समाज के सभी संगठन एकजुट होकर संबंधित विधायकों के घरों के सामने नगाड़ा बजाएंगे और उन्हें अपनी मांगों का ज्ञापन सौंपेंगे।

आंदोलन की रूपरेखा तय करने के लिए सरकंडा स्थित गोंडवाना भवन में जिले के विभिन्न आदिवासी संगठनों की संयुक्त बैठक हुई। समाज के प्रतिनिधियों ने कहा कि आदिवासियों से जुड़े आरक्षण, स्थानीय भर्ती, समान नागरिक संहिता और परिसीमन जैसे महत्वपूर्ण विषय लंबे समय से चर्चा और निर्णय की प्रतीक्षा में हैं। मुद्दों को लेकर समाज में नाराजगी बढ़ रही है। प्रतिनिधियों ने एक स्वर में कहा कि अब केवल मांग पत्र सौंपने तक आंदोलन सीमित नहीं रहेगा, बल्कि जनप्रतिनिधियों के सामने सीधे अपनी बात रखी जाएगी।

विधानसभा घेराव तक पहुंचेगी लड़ाई

बैठक में प्रदेश स्तर पर तय आंदोलन की रणनीति पर सहमति जताई गई। इसके तहत 1 दिसंबर 2026 को सभी विधायकों के निवास के सामने नगाड़ा बजाकर विरोध दर्ज कराया जाएगा और ज्ञापन सौंपा जाएगा। इसके बाद 9 दिसंबर को जिला स्तर पर मंत्रियों का पुतला दहन किया जाएगा। आंदोलन का अगला और बड़ा चरण 15 दिसंबर को रायपुर में होगा, जहां आदिवासी समाज का महाजुटाव कर छत्तीसगढ़ विधानसभा का घेराव किया जाएगा। समाज के प्रतिनिधियों ने आंदोलन में बड़ी संख्या में लोगों की भागीदारी का दावा किया है।

सरकार से जवाब चाहता है आदिवासी समाज

आंदोलन की प्रमुख मांगों में छत्तीसगढ़ में आदिवासियों का 32 प्रतिशत आरक्षण बहाल करना शामिल है। इसके अलावा प्रदेश में समान नागरिक संहिता लागू नहीं किए जाने के विषय पर विचार-विमर्श, स्थानीय भर्ती नीति लागू करने, आदिम जाति कल्याण विभाग के नाम परिवर्तन के मुद्दे पर चर्चा और परिसीमन के विषय पर विचार-विमर्श की मांग उठाई गई है। पूर्व में शासन-प्रशासन को सौंपे गए विभिन्न ज्ञापनों की समीक्षा कर उन पर आगे की कार्रवाई करने की मांग भी शामिल है।

बैठक में सर्व आदिवासी समाज के प्रदेश अध्यक्ष सुभाष सिंह परते, शासकीय कर्मचारी संघ के अध्यक्ष रामचंद्र ध्रुव, युवराज सिंह प्रधान, शिवनारायण चेचाम, देव सिंह पोर्ते, केसी मार्को, डीपी भूपाल, शशी ध्रुव, श्याम दीपक कुमार मरकाम, एसके नेताम, चरण सिंह राज, उदयभान सिंह उईके, प्रेमसागर मरकाम, लव सिंह सिदार, बबलू मरकाम, विवेक सिंह मरकाम, टीकम सिंह, मनोज मरावी, सूरज मरकाम, अनिल ध्रुव, नितिन प्रधान, भूपेश ध्रुव, मुकेश मरावी, घनश्याम जगत, उत्तरा ध्रुव, हीरा प्रधान, बसंत नेताम, अजय प्रधान, भंजन सिंह नेताम, दब्बू प्रधान और पुष्पेंद्र गोंड़ सहित विभिन्न संगठनों के प्रतिनिधि मौजूद रहे।