बिलासपुर…. करीब दो माह की ग्रीष्मकालीन छुट्टियों के बाद अब स्कूलों में फिर से बच्चों की चहल-पहल लौटने वाली है। लोक शिक्षण संचालनालय ने आदेश जारी कर प्रदेश के सभी शासकीय और अशासकीय विद्यालयों में 16 जून से शैक्षणिक सत्र 2026-27 का नियमित संचालन शुरू करने के निर्देश दिए हैं। इसके साथ ही जिले में शाला प्रवेशोत्सव की तैयारियां भी तेज हो गई हैं।

लोक शिक्षण संचालनालय द्वारा जारी आदेश के अनुसार 20 अप्रैल से 15 जून तक घोषित ग्रीष्मकालीन अवकाश समाप्त होने के बाद मंगलवार 16 जून से प्रदेशभर के विद्यालय खुलेंगे। संचालनालय ने सभी संयुक्त संचालकों और जिला शिक्षा अधिकारियों को निर्देशित किया है कि पहले दिन से ही निर्धारित समय-सारणी के अनुसार अध्ययन-अध्यापन की व्यवस्था सुनिश्चित की जाए।

शाला प्रवेशोत्सव की तैयारियां जोरों पर

स्कूल खुलने के साथ ही जिले में शाला प्रवेशोत्सव को लेकर भी गतिविधियां तेज हो गई हैं। शिक्षा विभाग नए विद्यार्थियों के नामांकन, ड्रॉपआउट बच्चों की वापसी और विद्यालयों में बेहतर शैक्षणिक माहौल बनाने के लिए विशेष अभियान चलाने की तैयारी कर रहा है। स्कूलों में साफ-सफाई, कक्षाओं की व्यवस्था, पेयजल, पुस्तक वितरण और अन्य मूलभूत सुविधाओं को दुरुस्त करने का काम भी तेजी से चल रहा है।

फिर लौटेगी स्कूलों की रौनक

गर्मी की छुट्टियों के बाद विद्यार्थियों के स्वागत की तैयारियां शुरू हो चुकी हैं। कई विद्यालयों में प्रवेशोत्सव के तहत नवप्रवेशी बच्चों का स्वागत किया जाएगा l स्वागत कार्यक्रम आयोजित करने की रूपरेखा बनाई जा रही है। शिक्षा विभाग का लक्ष्य है कि नए सत्र की शुरुआत उत्साह और सकारात्मक माहौल के साथ हो।

पहले दिन से पढ़ाई पर जोर

लोक शिक्षण संचालनालय ने स्पष्ट किया है कि शैक्षणिक सत्र के पहले दिन से ही नियमित कक्षाएं संचालित हों और विद्यार्थियों की पढ़ाई प्रभावित न हो। इसके लिए जिला स्तर पर आवश्यक तैयारियों की समीक्षा भी शुरू कर दी गई है।

16 जून से स्कूलों के खुलने के साथ ही जिले में एक बार फिर शैक्षणिक गतिविधियां रफ्तार पकड़ेंगी और शाला प्रवेशोत्सव के जरिए नए सत्र का उत्साहपूर्ण आगाज होगा।