बिलासपुर… जिले में कोयला परिवहन और सप्लाई के दौरान कथित मिलावट एवं चोरी के मामले का खुलासा हुआ है। सकरी पुलिस ने अपराध दर्ज होने के कुछ ही घंटों के भीतर कार्रवाई करते हुए छह आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। मामला दीपका कोल माइंस से लोखंडी स्थित भाटिया एनर्जी एंड कोल बेनिफिकेशन प्राइवेट लिमिटेड भेजी गई कोयले की खेप से जुड़ा है।

पुलिस के अनुसार कंपनी प्रतिनिधि आर.के. पाण्डेय ने शिकायत दर्ज कराई थी कि दीपका कोल माइंस से एफ/जी ग्रेड का कोयला प्लांट के लिए मंगाया गया था। 10 जून की सुबह प्लांट पहुंचे तीन ट्रेलरों के कोयले की लैब जांच कराई गई तो उसकी गुणवत्ता निर्धारित ग्रेड के अनुरूप नहीं पाई गई। संदेह होने पर ट्रेलर चालकों से पूछताछ की गई, जिसमें कथित तौर पर कोयले की अदला-बदली और मिलावट की बात सामने आई।

शिकायत में आरोप लगाया गया कि एफ ग्रेड कोयले को रास्ते में निकालकर उसकी जगह अन्य निम्न गुणवत्ता के कोयले की मिलावट की गई। प्रारंभिक जांच में यह भी सामने आया कि कथित तौर पर यह पूरा खेल आर्थिक लाभ के उद्देश्य से सुनियोजित तरीके से अंजाम दिया गया।

मामले की गंभीरता को देखते हुए डीआईजी एवं एसएसपी रजनेश सिंह ने तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिए। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक पंकज पटेल और सीएसपी निमितेश सिंह परिहार के मार्गदर्शन में सकरी थाना, एसीसीयू और खनिज विभाग की संयुक्त टीम ने घेराबंदी कर छह आरोपियों को गिरफ्तार किया।

गिरफ्तार आरोपियों में झारखंड निवासी आशिक हुसैन अंसारी, फैजान रजा अंसारी, फुजैल अंसारी , बिलासपुर निवासी गौरव राजपूत, सीबु खान तथा दुर्ग निवासी दिलीप कुमार यादव शामिल हैं।

पुलिस का कहना है कि आरोपियों से पूछताछ के आधार पर पूरे नेटवर्क की जांच की जा रही है। जांच का दायरा केवल ट्रांसपोर्टरों और चालकों तक सीमित नहीं रहेगा, बल्कि यह भी देखा जा रहा है कि कथित मिलावट और कोयला चोरी के इस मामले में और कौन-कौन लोग शामिल थे।

सप्लाई चेन की होगी गहन जांच

सूत्रों के अनुसार पुलिस और खनिज विभाग अब कोयला लोडिंग प्वाइंट से लेकर अंतिम गंतव्य तक की पूरी सप्लाई चेन की जांच कर रहे हैं। ट्रेलरों की आवाजाही, कोयले की गुणवत्ता, तौल और संबंधित दस्तावेजों की भी पड़ताल की जा रही है।

एसएसपी रजनेश सिंह का बयान

डीआईजी एवं एसएसपी रजनेश सिंह ने कहा कि जिले में खनिज चोरी, अवैध कारोबार और आर्थिक अपराधों के खिलाफ लगातार अभियान चलाया जा रहा है। कोयला परिवहन और औद्योगिक गतिविधियों से जुड़े मामलों में किसी भी प्रकार की अनियमितता को गंभीरता से लिया जाएगा। मामले की हर कड़ी की जांच की जा रही है और दोषी पाए जाने वाले किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा।