बिलासपुर..अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस 2026 को लेकर बिलासपुर में तैयारियां तेज हो गई हैं। इस बार आयोजन केवल योग दिवस तक सीमित नहीं रहेगा, बल्कि 14 जून को आयोजित होने वाले दुनिया के सबसे बड़े ऑनलाइन योग सत्र के जरिए गिनीज वर्ल्ड रिकॉर्ड बनाने की कोशिश में भी जिले की सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित की जा रही है।

इसी सिलसिले में जिला आयुष कार्यालय में जिला आयुष अधिकारी डॉ. यशपाल सिंह ध्रुव की अध्यक्षता में समीक्षा बैठक आयोजित की गई, जिसमें आगामी कार्यक्रमों की तैयारियों और जनसहभागिता बढ़ाने की रणनीति पर चर्चा हुई।

आयुष मंत्रालय के निर्देशानुसार 14 जून को सुबह 6:15 बजे से 7:35 बजे तक ऑनलाइन योग सत्र आयोजित होगा। इस कार्यक्रम का सीधा प्रसारण आयुष मंत्रालय के आधिकारिक यूट्यूब चैनल पर किया जाएगा। देश-विदेश से लाखों लोगों की भागीदारी के बीच इस आयोजन को गिनीज वर्ल्ड रिकॉर्ड में दर्ज कराने का प्रयास किया जाएगा।

जिला आयुष अधिकारी डॉ. ध्रुव ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि शासकीय-अशासकीय संस्थानों, विद्यालयों, महाविद्यालयों, आयुष्मान आरोग्य मंदिरों, सामाजिक संगठनों और योग प्रशिक्षकों के माध्यम से व्यापक जनजागरूकता अभियान चलाया जाए, ताकि जिले से अधिकतम संख्या में लोग इस ऐतिहासिक पहल से जुड़ सकें।

इस वर्ष अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस की थीम स्वस्थ वृद्धावस्था के लिए योग रखी गई है। जिला प्रशासन का मानना है कि योग केवल एक दिन का आयोजन नहीं, बल्कि स्वस्थ और सक्रिय जीवनशैली का आधार है।

योग अभियान से जुड़ने के लिए आयुष मंत्रालय ने टोल फ्री नंबर 1800-315-7008 जारी किया है। नागरिक इस नंबर पर मिस्ड कॉल देकर अपना पंजीयन करा सकते हैं। जिला प्रशासन ने सभी विभागों को अधिकाधिक लोगों को इस अभियान से जोड़ने के निर्देश दिए हैं।

17 से 21 जून तक चलेंगे योग शिविर

योग दिवस को जनआंदोलन का स्वरूप देने के उद्देश्य से जिले के सभी आयुष्मान आरोग्य मंदिरों में 17 जून से 21 जून तक पांच दिवसीय योग प्रशिक्षण शिविर आयोजित किए जाएंगे। इन शिविरों में नियमित योगाभ्यास, स्वस्थ जीवनशैली और योग के विभिन्न आयामों की जानकारी दी जाएगी।

बहतराई स्टेडियम में होगा मुख्य आयोजन

21 जून को अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस का जिला स्तरीय मुख्य कार्यक्रम बहतराई स्थित खेल स्टेडियम में आयोजित किया जाएगा। इसके अलावा जिलेभर में विभिन्न शासकीय, शैक्षणिक और सामाजिक संस्थाओं द्वारा भी सामूहिक योग कार्यक्रम आयोजित होंगे।

कलेक्टर संजय अग्रवाल ने जिलेवासियों से अपील करते हुए कहा है कि योग को दैनिक जीवन का हिस्सा बनाना समय की आवश्यकता है। उन्होंने विद्यार्थियों, कर्मचारियों, सामाजिक संगठनों और आम नागरिकों से योग दिवस के सभी कार्यक्रमों में सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करने का आग्रह किया है।

योग दिवस से पहले जिले में विशेष जनजागरूकता अभियान भी चलाया जाएगा, ताकि बिलासपुर की सहभागिता राज्य और राष्ट्रीय स्तर पर एक उल्लेखनीय उदाहरण बन सके।