चंडीगढ़/नई दिल्ली: पंजाब विधानसभा चुनाव से महज 5 महीने पहले कांग्रेस आलाकमान ने प्रदेश संगठन में बड़ा फेरबदल करते हुए पंजाब प्रदेश कांग्रेस कमेटी के प्रधान (अध्यक्ष) अमरिंदर सिंह राजा वड़िंग से इस्तीफा ले लिया है।

वड़िंग पिछले साढ़े चार सालों से इस पद पर बने हुए थे। हालांकि, चुनाव से ठीक पहले प्रदेश अध्यक्ष बदलने का यह फैसला कोई नया प्रयोग नहीं है।

वर्ष 2019 से लेकर अब तक कांग्रेस 12 राज्यों में चुनाव से ठीक पहले अपने प्रदेश अध्यक्ष बदल चुकी है। इनमें महाराष्ट्र, हरियाणा, दिल्ली, बिहार, असम और छत्तीसगढ़ जैसे बड़े राज्य शामिल हैं। हालांकि, आंकड़ों के लिहाज से यह रणनीति पार्टी के लिए बहुत सफल नहीं रही है, क्योंकि इनमें से 10 राज्यों में पार्टी को हार का सामना करना पड़ा।

2019 से 2025 तक: चुनाव से पहले इन 12 राज्यों में बदले गए कांग्रेस अध्यक्ष

महाराष्ट्र (2019): चुनाव से 3 महीने पहले अशोक चव्हाण की जगह बालासाहेब थोरात को कमान सौंपी गई। पार्टी चुनाव में चौथे नंबर पर खिसक गई।

हरियाणा (2019): चुनाव से केवल 47 दिन पहले अशोक तंवर को हटाकर कुमारी शैलजा को अध्यक्ष बनाया गया, लेकिन पार्टी को हार का सामना करना पड़ा।

झारखंड (2019): अजय कुमार की जगह रामेश्वर उरांव को अध्यक्ष बनाया गया। झामुमो-कांग्रेस गठबंधन की सरकार तो बनी, लेकिन संगठन के स्तर पर कांग्रेस की स्थिति सीमित रही।

पश्चिम बंगाल (2021): चुनाव से 7 महीने पहले अधीर रंजन चौधरी को कमान दी गई, लेकिन चुनाव में कांग्रेस शून्य सीटों पर सिमट गई।

त्रिपुरा (2021): बिराजीत सिन्हा को अध्यक्ष बनाया गया, लेकिन वे चुनावी नतीजों में कोई बड़ा बदलाव नहीं ला सके।

छत्तीसगढ़ (2023): चुनाव से 4 महीने पहले मोहन मरकाम की जगह दीपक बैज को कमान मिली, लेकिन तत्कालीन सत्ताधारी कांग्रेस अपनी सरकार नहीं बचा पाई।

जम्मू-कश्मीर (2024): विकास रसूल वानी की जगह तारिक हमीद कर्रा को कमान दी गई। गठबंधन की सरकार बनी, पर कांग्रेस को बड़ा सियासी फायदा नहीं मिला।

झारखंड (2024): चुनाव से 3 महीने पहले राजेश सिंह को हटाकर केशव महतो कमलेश को जिम्मेदारी दी गई। झामुमो का विस्तार हुआ, जबकि कांग्रेस का दायरा सीमित रहा।

बिहार (2025): चुनाव से 8 महीने पहले अखिलेश प्रसाद सिंह की जगह राजेश राम को अध्यक्ष बनाया गया। कांग्रेस का प्रदर्शन निराशाजनक रहा और राजेश राम खुद चुनाव हार गए।

असम (2025): चुनाव से 11 महीने पहले भूपेन बोरा की जगह गौरव गोगोई को कमान सौंपी गई, लेकिन पार्टी केवल 18 सीटों पर सिमट गई।

दिल्ली (2025): चुनाव से पहले देवेंद्र यादव को कमान दी गई, लेकिन पार्टी खाता खोलने में नाकाम रही।

केरल (2025-2026): चुनाव से पहले सनी जोसेफ को अध्यक्ष बनाया गया, जहां 2026 के विधानसभा चुनाव में कांग्रेस वापसी करने में सफल रही।

पंजाब: 2022 के प्रयोग से लेकर 2026 की सियासी चुनौतियां

पंजाब में भी 2022 के विधानसभा चुनाव से ठीक 7 महीने पहले कांग्रेस ने सुनील जाखड़ को हटाकर नवजोत सिंह सिद्धू को कमान सौंपी थी। उस समय मुख्यमंत्री पद पर भी बदलाव कर कैप्टन अमरिंदर सिंह की जगह चरणजीत सिंह चन्नी को लाया गया था। हालांकि, उस चुनाव में कांग्रेस को करारी शिकस्त झेलनी पड़ी थी।

आगामी विधानसभा चुनाव में भी कांग्रेस के लिए पंजाब की राह आसान नहीं दिख रही है। एक तरफ जहां पार्टी के भीतर गुटबाजी एक बड़ी चुनौती बनी हुई है, वहीं दूसरी तरफ सत्तारूढ़ आम आदमी पार्टी (AAP) अपनी स्थिति मजबूत बनाए हुए है। इसके साथ ही, भारतीय जनता पार्टी (BJP) भी गृह मंत्री अमित शाह के नेतृत्व में पूरी ताकत से मैदान में उतर चुकी है और क्षेत्रीय स्तर पर सामाजिक-राजनीतिक समीकरण तेजी से बदल रहे हैं।