CG News.छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर के वीआईपी रोड स्थित फुंडहर के ‘ट्यूलीप एरिना’ होटल में लाखों रुपये के अनधिकृत ट्रांजेक्शन और गबन का बड़ा मामला सामने आया है.

होटल के बैंक खातों से बिना किसी अनुमति के करीब 28.16 लाख रुपये निजी खातों में ट्रांसफर करने के आरोप में तेलीबांधा थाना पुलिस ने दो अकाउंटेंट्स के खिलाफ अपराध दर्ज कर लिया है.

होटल के ऑपरेशन मैनेजर संजीव कुमार द्वारा आंतरिक ऑडिट (Financial Audit) में गड़बड़ी पाए जाने के बाद तेलीबांधा थाने में लिखित शिकायत दर्ज कराई गई थी. शिकायत के आधार पर पुलिस ने सीनियर अकाउंटेंट हिमांशु त्रिपाठी और जूनियर अकाउंटेंट नजीप जांगड़े के खिलाफ नामजद एफआईआर दर्ज की है.

पुलिस में दर्ज शिकायत के अनुसार, दोनों अकाउंटेंट्स को होटल के आधिकारिक बैंक खातों से लेनदेन और भुगतान का अधिकार मिला हुआ था, जिसका उन्होंने दुरुपयोग किया:

दोनों ने होटल के बैंक अकाउंट से अपने और अपने करीबियों के बैंक खातों में लाखों रुपये ट्रांसफर कर लिए.

गबन को छिपाने के लिए होटल के अकाउंटिंग लेजर में इन पैसों को अन्य वेंडर्स, व्यक्तियों और फर्मों को किए गए आधिकारिक भुगतान के रूप में दर्ज कर दिया गया.

आरोप है कि होटल काउंटर से ग्राहकों द्वारा दिए गए नगद (Cash) भुगतान को आरोपियों ने खुद रख लिया और लेखा रिकॉर्ड में उसे जाली UPI पेमेंट के तौर पर दिखा दिया.

सीनियर अकाउंटेंट पर ₹22 लाख से ज्यादा का आरोप

वित्तीय जांच में दोनों की संलिप्तता का अलग-अलग ब्योरा सामने आया है.सीनियर अकाउंटेंट हिमांशु त्रिपाठी: 22.34 लाख रुपये के अनधिकृत ट्रांसफर का आरोप.जूनियर अकाउंटेंट नजीप जांगड़े: 5.81 लाख रुपये के अनधिकृत ट्रांसफर का आरोप.

इस वित्तीय हेराफेरी को दबाने के लिए आरोपियों ने डिजिटल सबूतों को मिटाने का भी प्रयास किया. पुलिस जांच में सामने आया है कि गबन को छिपाने की नीयत से कंप्यूटर सिस्टम, अकाउंटिंग सॉफ्टवेयर, डिजिटल लेजर और कंपनी के आधिकारिक ई-मेल आईडी के डेटा के साथ छेड़छाड़ (Data Tampering) की गई थी.

तेलीबांधा पुलिस ने धोखाधड़ी, गबन और आईटी एक्ट की संबंधित धाराओं के तहत अपराध दर्ज कर लिया है. पुलिस अब संबंधित बैंक खातों के ट्रांजेक्शन स्टेटमेंट, डिजिटल फोरेंसिक रिकॉर्ड और कंप्यूटर डेटा की जांच कर रही है ताकि यह पता लगाया जा सके कि गबन की गई रकम का इस्तेमाल कहां किया गया है.