बिलासपुर: छत्तीसगढ़ के बिलासपुर शहर के दयालबंद मधुबन क्षेत्र स्थित अरपा नदी में बहकर आ रहे नारियल को बचाने के चक्कर में डूबे 16 वर्षीय छात्र इमनेश अंसारी का दूसरे दिन भी कोई सुराग नहीं मिल सका है.

रविवार सुबह 7 बजे से राज्य आपदा मोचन बल (SDRF) और स्थानीय मछुआरों की संयुक्त टीम ने मोटरबोट और महाजाल की मदद से करीब 12 घंटे तक नदी के तेज बहाव में सघन तलाशी अभियान चलाया, लेकिन सफलता हाथ नहीं लगी. शाम ढलने और अंधेरा होने के कारण रेस्क्यू ऑपरेशन को रोकना पड़ा था, जिसे सोमवार सुबह से पुनः शुरू कर दिया गया है.

दूसरी ओर, अरपा नदी के तट पर परिजन बेसुध हालत में इमनेश के सही-सलामत लौटने का इंतजार कर रहे हैं. मां-बाप का रो-रोकर बुरा हाल है और पूरे मोहल्ले में मातम पसर गया है.

यह दर्दनाक हादसा शनिवार दोपहर करीब 12 बजे का है, जब बालमुकुंद स्कूल के छात्र अयान अंसारी (12 वर्ष), इमनेश अंसारी (16 वर्ष) और हरीश कोसले (12 वर्ष) मधुबन के पास अरपा नदी घाट पर गए थे.नदी में बहकर आ रहे एक नारियल को पकड़ने के प्रयास में 12 वर्षीय अयान गहरे पानी में चला गया और डूबने लगा.

अयान को डूबता और हाथ हिलाकर मदद मांगता देख इमनेश ने बिना अपनी परवाह किए अरपा के तेज बहाव में छलांग लगा दी. उसने अयान को पकड़कर किनारे खींचने का प्रयास किया, लेकिन नदी के प्रचंड वेग के आगे दोनों बह गए.

शनिवार देर शाम SDRF और मछुआरों ने कड़ी मशक्कत के बाद अयान को ढूंढ निकाला, लेकिन इमनेश का कहीं कोई पता नहीं चल सका.

ड्रोन तकनीक, झाड़ियों और गहरे पानी में खोजबीन

रविवार को कोतवाली पुलिस और रेस्क्यू टीम ने आधुनिक तकनीक और पारंपरिक तरीकों से तलाशी अभियान को व्यापक बनाया.कोतवाली पुलिस ने घटनास्थल से लेकर छठघाट और नदी के दोनों किनारों पर कई बार ड्रोन उड़ाकर सीसीटीवी जैसी निगरानी की, लेकिन पानी के मटमैलेपन और तेज बहाव के कारण कुछ नजर नहीं आया.

एसडीआरएफ की टीमों ने नदी किनारे उगी झाड़ियों के बीच बोट से खोजबीन की, जबकि स्थानीय कुशल गोताखोरों और मछुआरों ने महाजाल फेंककर गहरे पानी में गोते लगाए. टीम ने घटनास्थल से लेकर देवरीखुर्द स्थित एनीकट तक कई किलोमीटर के दायरे को खंगाला.

एसडीआरएफ और बिलासपुर पुलिस का कहना है कि सोमवार सुबह से रेस्क्यू टीम एक बार फिर अरपा नदी के निचले इलाकों और तटीय क्षेत्रों में खोजबीन अभियान में जुट गई है.