अंबिकापुर। शहर से लगे ग्राम सोनपुरकला के भंडारपारा में 17 वर्षीय किशोरी सुशीला सिंह का शव कुएं से बरामद हुआ है। मृतका की पहचान सुशीला सिंह (पिता रमेश सिंह) के रूप में हुई है। वह नानी के घर से रात में संदिग्ध परिस्थितियों में गायब हो गई थी।

कोतवाली पुलिस मामले की जांच आत्महत्या या अंधेरे में कुएं में गिरने के हादसे दोनों एंगल से कर रही है। पुलिस के अनुसार, सुशीला आठवीं तक पढ़ाई करने के बाद गांव में अपनी नानी के पास रह रही थी। दो अक्टूबर को वह नानी के घर पर ही थी।

तीन अक्टूबर की सुबह नानी ने उसे बिस्तर पर नहीं पाया। तलाश करते हुए वे सुशीला के घर पहुंचीं, लेकिन वहां भी वह नहीं मिली। इस दौरान पड़ोसी रामप्रकाश ने बताया कि रात करीब आठ बजे कुएं से छपाक की तेज आवाज आई थी। अनहोनी की आशंका पर परिजनों ने कुएं में झागर डालकर तलाश शुरू की। कुछ ही देर में सुशीला का शव कुएं में मिला।

सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची। रेस्क्यू टीम की मदद से शव को बाहर निकाला गया। पंचनामा और पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया।

जिस कुएं में शव मिला, वह पूरी तरह खुला और असुरक्षित था। कुएं के चारों ओर सुरक्षा घेरा या मुंडेर नहीं था। आसपास बड़ी झाड़ियां उगी हुई थीं, जिससे रात के अंधेरे में कुएं का अंदाजा लगाना मुश्किल था।