बेमेतरा: बेमेतरा। जिले में नवजात के लापता होने का मामला सामने आया है। परिजनों का आरोप है कि घर में अकेली गर्भवती महिला को प्रसव पीड़ा होने पर मदद के लिए पहुंची दो महिलाओं ने कोई दवा पिलाई, जिसके बाद वह बेहोश हो गई। बेहोशी के दौरान प्रसव कराया गया और होश आने पर बच्चा गायब मिला।

घटना तीन अक्टूबर को दोपहर करीब एक से दो बजे के बीच नवागढ़ क्षेत्र में हुई बताई जा रही है। उस समय गर्भवती महिला घर में अकेली थी। उसकी आवाज सुनकर आसपास की दो महिलाएं मदद के लिए घर पहुंचीं। परिजनों के अनुसार दोनों महिलाओं ने उसे दवा पिलाई, जिसके बाद वह बेहोश हो गई। इसी दौरान प्रसव हुआ।

जब महिला को होश आया तो न तो दोनों महिलाएं घर में थीं और न ही नवजात बच्चा। महिला के पति बकरी चराने गए थे, जबकि सास, ससुर और देवर पारिवारिक कार्यक्रम में दूसरे गांव गए हुए थे।

परिजनों ने घटना की सूचना पुलिस को दी। पुलिस मामले की जांच कर रही है। जांच में यह पता लगाने की कोशिश की जा रही है कि प्रसव कैसे हुआ, महिला को क्या पदार्थ दिया गया, दोनों महिलाएं कौन थीं और नवजात कहां है।
`